uninterrupted-water-supply-scheme-for-the-people-of-peg-far-fetched
uninterrupted-water-supply-scheme-for-the-people-of-peg-far-fetched

खूंटी के लोगों के लिए निर्बाध जलापूर्ति योजना दूर की कौड़ी

-शहरी जलापूर्ति योजना में दो वर्षों में महज 21 फीसदी हुआ काम -विधानसभा में सरकार ने विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा के सवाल पर दी जानकारी खूंटी, 03 मार्च(हि. स.)। 2021 तक निर्बाध जलापूर्ति का सपना संजोये खूंटी के लोगों के लिए शहरी जलापूर्ति अभी दूर की कौड़ी है। दो वर्षों में महज 21 फीसदी ही योजना पर काम हुआ है। यह जानकारी सरकार ने खूंटी के विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा द्वारा तारांकित प्रश्न के तहत पूछे गये सवाल के जवाब में दी है। विधायक मुंडा ने पूछा था कि खूंटी नगर पंचायत( अधिसूचित क्षेत्र) में जलापूर्ति योजना को नवंबर 2019 तक पूरा करना था, पर अब तक योजना अधूरी है। इस पर सरकार द्वारा बताया गया कि 59.54 करोड़ वाली खूंटी शहरी जलापूर्ति योजना का एकरारनामा 18 जनवरी 2019 को हुआ था और दो वर्षों में योजना को पूर्ण करना था। सरकार ने स्वीकार किया कि इसमें महज 21 फीसदी ही काम हुआ है। एक अन्य तारांकित प्रश्न में विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने पूछा कि 2020-21 में विभाग द्वारा सड़क और पुल निर्माण की स्वीकृति नहीं दिये जाने के कारण विकास कार्य धीमी हुई है? विधायक ने पूछा कि सभी विधायकों की अनुशंसा पर 10715 किलोमीटर सड़क और एक पुल का निर्माण किया जाता है। सरकार की ओर से बताया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में विभागीय नीति और बजटीय उपबंध के आलोक में हर जिले में पथों का सुदृढ़ीकरण और पहले से बनी सड़कों पर पुल निर्माण कराने का निर्णय लिया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/अनिल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in