the-mayor-visited-various-areas-of-the-city
the-mayor-visited-various-areas-of-the-city

मेयर ने किया शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण

रांची, 27 मई (हि. स.)। चक्रवात यास साइक्लोन के प्रभाव से रांची में बुधवार की सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है। गुरुवार को भी दिनभर बारिश हुई। शहरी क्षेत्र में लोगों का जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कहीं लोग जलजमाव से परेशान हैं तो कहीं गंदगी से। इसी को लेकर गुरुवार को मेयर आशा लकड़ा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर जलजमाव व साफ-सफाई का निरीक्षण किया। इस क्रम में मेयर सबसे पहले अंतु चौक पहुंची। मेयर की उपस्थिति में यहां रांची नगर निगम के सफाईकर्मियों ने नाली की सफाई की। हरिहर सिंह रोड में जलजमाव की स्थिति देख मेयर ने निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द नाली को दुरुस्त कराएं। मोरहाबादी मैदान में भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मेयर ने निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मोरहाबादी को जोड़ने वाले नाली के मुहाने से कचरा हटा कर पानी की निकासी कराएं। इसके बाद मेयर करमटोली चौक, जेल चौक, एमजी मार्ग होते हुए अरगोड़ा चौक पहुंची। हरमू बाइपास रोड व अरगोड़ा चौक के बीच बिरसा मुंडा राजपथ पर जलजमाव की स्थिति को देख उन्होंने निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मोटर लगाकर डिसिल्टिंग मशीन से तत्काल पानी की निकासी कराएं। मेयर के निर्देश पर जलजमाव वाले स्थल से पानी की निकासी के लिए जेसीबी से कचरा हटाया गया। इस दौरान मेयर ने निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सुपरवाइजर, जोनल सुपरवाइजर व सफाईकर्मियों को तेजी से शहर की सफाई करने का निर्देश दें। उन्होंने कहा कि चक्रवात यास से उत्पन्न विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए नगर आयुक्त ने पूरी तैयारी की थी। 53 वार्डों में छोटे व बड़े नालों की सफाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन वर्तमान हालात क्या हैं, इसे शहर के लोग अच्छी तरह समझ रहे हैं। रांची नगर निगम के पास उपलब्ध संसाधनों को समुचित उपयोग किया जाए तो न सिर्फ साफ-सफाई की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त होगी, बल्कि मानसून की बारिश शुरू होने से पूर्व छोटे व बड़े नालों की सफाई भी हो जाएगी। बिरसा राजपथ पर जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए मेयर ने पथ निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता से बात की और कहा कि पुरानी पुलिया की जगह नए सिरे से पुलिया निर्माण कराने की आवश्यकता है। जलजमाव की समस्या का जल्द से जल्द समाधान नहीं किया गया तो मानसून की बारिश शुरू होने के बाद शहरवासियों को काफी परेशानी होगी। मेयर ने यह भी कहा कि यदि ह्यूम पाइप लगाकर जलजमाव की समस्या का समाधान हो सकता है तो तत्काल इस दिशा में पहल करें। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, रांची नगर निगम के सिटी मैनेजर उपस्थित थे। इसके बाद मेयर एचईसी साइट-पांच स्थित बंगला स्कूल के समीप पहुंची, जहां गुरुवार की सुबह दीवार गिरने से मासूम बच्चे व उसके पिता की मौत हो गई। पीड़ित परिवार से मिलकर उन्होंने पूरी घटना की जानकारी ली और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। मेयर ने मौके पर सीओ से बात कर पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन के तहत निर्धारित मुआवजा की राशि जल्द से जल्द भुगतान करने का निर्देश दिया। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in