
13/05/2021 दुमका, 13 मई (हि.स.)। जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में गुरुवार को एक जंगली भैंसा ने गांव के ही एक 23 वर्षीय जहांगीर अंसारी को पटक पटक कर मौत के घाट उतार दिया। हमले के बाद भैंसा जंगल की ओर भाग गया। बताया गया है कि युवक का डेढ़ माह पहले ही निकाह हुआ था। युवक गांव के बगल में बहियार गया था। जहां भैंसा चर रहा था। जहांगीर को देखते ही भैंसा दौड़कर आया और हमला बोल दिया। भैंसा ने उसे पटक पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर जब ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे तब तक भैंसा जंगल की ओर भाग चुका था। ग्रामीणों ने उसे अविलंब इलाज के लिए देवघर ले गए लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। लोगों में भय का माहौल है कि कब भैंसा आकर किसकी जान ले ले। थाना प्रभारी अनुज यादव ने बताया कि भैंसा के हमले में युवक की जान चली गई। हिन्दुस्थान समाचार /नीरज/ चंद्र