the-accused-who-spent-the-night-in-the-police-station-turned-out-to-be-corona-infected
the-accused-who-spent-the-night-in-the-police-station-turned-out-to-be-corona-infected

महिला थाना में रात गुजारने वाला आरोपी निकला कोरोना संक्रमित

धनबाद, 10 अप्रैल (हि. स.) महिला थाना में दहेज उत्पीड़न एवं पारिवारिक हिंसा के आरोप में गिरफ्तार किया गया आरोपी कोरोना संक्रमित पाया गया है। जिसके बाद थाना में हड़कंप मच गया। आनन -फानन में इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई। साथ ही एहतियातन थाना पहुंचे तमाम फरियादियों को थाना परिसर से बाहर निकाल दिया गया। फिलहाल संक्रमित को कोविड अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी बृजेश कुमार सिंह को शुक्रवार की रात महिला थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिंसा के एक मामले में जोड़ापोखर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर धनबाद थाना ले आई थी। इसके बाद आरोपी को महिला थाना भेज दिया गया था। आरोपी रात भर महिला थाना के एक बेंच पर बैठ कर रात गुजारा। इसके बाद शनिवार की सुबह नियम के अनुसार उसे कोरोना जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। जांच में वो कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके बाद पूरे थाना परिसर में हड़कंप मच गया। फिलहाल उसे कोविड अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। वहीं सूत्रों की माने तो आरोपी का कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से उसे गिरफ्तार करने गए पुलिस से लेकर धनबाद थाना, महिला थाना सहित कई पुलिस कर्मियों पर कोरोना संक्रमण के बादल मंडराने लगे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ राहुल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in