sonia-gandhi-informed-about-the-situation-of-corona-in-jharkhand
sonia-gandhi-informed-about-the-situation-of-corona-in-jharkhand

सोनिया गांधी ने झारखंड में कोरोना के हालात की ली जानकारी

रांची, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्षों, पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कांग्रेस के गठबंधन वाली प्रदेश सरकार में शामिल पार्टी के मंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने झारखंड के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री से राज्य में कोरोना महामारी की स्थिति और रक्षात्मक उपायों पर विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान कांग्रेस के नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे। सोनिया गांधी ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण बढ़ रहा है। ऐसे में मुख्य विपक्षी दल के तौर पर कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि हम मुद्दों को उठाएं और सरकार पर दबाव बनाएं कि वह जनसंपर्क की तरकीबें अपनाने की बजाय जनहित में काम करें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार पर कोरोना महामारी में कुप्रबंधन का आरोप लगाया। साथ ही टीके का निर्यात करने और देश में इसकी कमी होने पर चिंता जतायी। सोनिया गांधी ने कहा कि चुनावों और धार्मिक आयोजनों के लिए सामूहिक समारोहों ने कोविड-19 को गति दी है। इसके लिए हम सब भी कुछ हद तक जिम्मेदार हैं। हमें इस जिम्मेदारी को स्वीकार करने और राष्ट्रहित को ऊपर रखने की जरूरत है। बैठक में उन्होंने झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री रामेश्वर उरांव से कोरोना टीका की उपलब्धता की जानकारी मांगी। रामेश्वर उरांव ने कहा कि राज्य में वैक्सीन की कमी हो गयी थी। केंद्र सरकार से पत्राचार किया गया और अब दस लाख वैक्सीन की डोज उपलब्ध कराई गयी है। सोनिया गांधी ने ऑक्सीजन, वैंटिलेटर और अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की भी जानकारी मांगी। उरांव ने कहा कि हाल के दिनों में शहरी क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोत्तरी हुई है। स्थिति से निपटने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किये जा रहेंगे। लॉकडाउन के संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष के सवाल पर उरांव ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य गरीब प्रदेश में फिलहाल लॉकडाउन पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है। क्योंकि, मौजूदा परिस्थिति में यदि लॉकडाउन लागू किया जाता है तो वायरस की जगह भूखमरी से बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो जाएगी। रामेश्वर उरांव ने कहा कि पिछले वर्ष कोरोना महामारी में लॉकडाउन की वजह से स्थिति खराब हो गई थी लेकिन अक्टूबर-नवम्बर महीने से राजस्व संग्रह कर विकास को गति दी गई है। कोरोना महामारी का दूसरा चरण प्रारम्भ हुआ है लेकिन सरकार गंभीरतापूर्वक जनता के हितों पर काम कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/ कृष्ण/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in