road-jam-of-villagers-demanding-arrest-of-killers
road-jam-of-villagers-demanding-arrest-of-killers

हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों का रोड जाम

पाकुड़, 25 मार्च(हि.स.)। अमड़ापाड़ा पुलिस ने पिछले बीस दिनों से लापता थाना क्षेत्र के रसीटोला के महेश्वर टुडू हत्या कांड के छह नामजद आरोपियों में से दो सिलिप टुडू व साहेबजान टुडू को बुधवार को हिरासत में लिया था। उन्हें लंबी पूछताछ के बाद गुरुवार को जेल भेज दिया है। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोज कुमार शेष की तलाश जारी है।उधर ग्रामीणों ने हत्या कांड के बांकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को फिर एक बार दुमका- पाकुड़- साहिबगंज रोड को घंटों जाम रखा, जिन्हें पुलिस व प्रशासन ने समझा बुझा कर जाम हटवाया।उल्लेखनीय है कि गत 21 मार्च को भी ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोड जाम किया था। इसके मद्देनजर पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद से छानबीन की थी। उस दिन खोजी कुत्ता नामजद आरोपी सिलिप टुडू के घर में जाकर बैठ गया था। चूंकि सभी नामजद आरोपी फरार चल रहे थे इसलिए मौके पर किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी थी।लेकिन पुलिस ने बुधवार को छापामारी कर दो आरोपियों को पकड़ने में सफल रही। इस बाबत लापता महेश्वर टुडू की पत्नी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने साहेबजान टुडू, सिलबानुस टुडू, सिलिप टुडू, सुबास्टीन टुडू, निर्मल टुडू तथा स्टीफन टुडू के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया था। इसमें कहा गया है कि संपत्ति विवाद के चलते इन लोगों ने महेश्वर की हत्या कर लाश गायब कर दी है। जानकारी के मुताबिक सिलिप टुडू इसके पूर्व भी महेश्वर के चाचा की हत्या करने के आरोप में जेल की हवा खा चुका है। पंचायत के पूर्व मुखिया सोबान मरांडी के अलावा अन्य ग्रामीणों ने बताया कि फरार आरोपियों द्वारा महेश्वर के परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/ रवि

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in