restrictions-necessary-to-deal-with-corona-infection-rameshwar-oraon
restrictions-necessary-to-deal-with-corona-infection-rameshwar-oraon

कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए पाबंदियां जरुरी : रामेश्वर उरांव

07/05/2021 रांची, 07 मई (हि. स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए पाबंदियां जरुरी है। इसी कारण राज्य सरकार की ओर से स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का अनुपालन कराया जा रहा है। इसमें आम लोगों का भी सहयोग जरूरी है। रामेश्वर उरांव शुक्रवार को रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस भवन में राहत एवं निगरानी समिति के कंट्रोल रूम में लोगों की परेशानियों को सुनने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक रूप से बातचीत कर रहे थे। रामेश्वर ने कहा कि कोरोना संक्रमण से उत्पन्न संकट के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से भी जनसेवा की भावना से सभी जिलों में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी विधायकों को यह निर्देश दिया गया है कि वह विधायक निधि के माध्यम से जिला प्रशासन को एंबुलेंस उपलब्ध कराएं, ताकि जरुरत पहुंचाने पर संक्रमित मरीजों को उनके घर से अस्पताल पहुंचाया जा सके। इसके अलावा गांव वालों से बातचीत करने पर यह भी जानकारी मिल रही है कि उन्हें ऑक्सीजन लेवल मापने के लिए ऑक्सीमीटर नहीं मिल पा रहा है। पार्टी की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर सहित अन्य दवाईयां खरीद कर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। इसे लेकर सक्षम आमजनों से भी सहयोग लिया जाएगा। प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस स्वास्थ्य विभाग के चेयरमैन डॉ पी नैय्यर के नेतृत्व में शुक्रवार को लगातार 17वें दिन भी कई संक्रमितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करायी गयी। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में डॉ पी नैयर के नेतृत्व में डॉ प्रकाश एवं डॉ मनोज कुमार अगरिया ने आम लोगों को परामर्श दिया एवं मेडिकली सहायता पहुंचाई। प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने बताया कि हेल्प डेस्क पर आज फोन कर मदद मांगने वालों धनबाद के खालिद खान, देवघर की मीना देवी, गिरिश चंद्रा, पलामू के मंजूर अहमद, रामगढ़ के नसीम अंसारी, दिल्ली से नीलम शर्मा, लातेहार से सरला बीबी, धनबाद के शांति देवी के अलावा शरफुद्दीन अहमद, टिंकू वर्मा, नीलम शर्मा, अजरुद्दीन, विरेंद्र कुमार साहे, हेसल देवी और गीता देवी शामिल है। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in