ranchi-will-be-monitored-through-cctv-control-room-will-be-inspected
ranchi-will-be-monitored-through-cctv-control-room-will-be-inspected

सीसीटीवी के जरिए होगी रांची की निगहबानी, कंट्रोल रूम का किया मुआयना

रांची, 18 जून (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची अब पूरी तरह सीसीटीवी की निगरानी में होगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए स्मार्ट सिटी स्थित कंट्रोल रूम और पहले से काम कर रहा कचहरी स्थित कंट्रोल रूम को मर्ज किया जाएगा। दोनों कंट्रोल रूम के आपस में लिंकअप होने के बाद पूरा शहर कैमरों की जद में आ जाएगा। इस पर काम भी शुरू हो गया है। इसके लिए जो जरूरी उपकरण चाहिए, उसके आकलन के लिए शुक्रवार को रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा, सिटी एसपी सौरभ, ट्रैफिक एसपी अंजनी अंजन के साथ कई पुलिस अधिकारियों ने स्मार्ट सिटी स्थित कंट्रोल रूम और कचहरी स्थित कंट्रोल रूम का मुआयना किया। एसएसपी ने बताया कि वर्तमान में अधिकांश शहरी इलाकों में सीसीटीवी का जाल बिछा दिया गया है। क्योंकि, अब आप दो जगहों से पूरे शहर पर नजर रख सकते हैं। एक कंट्रोल रूम कचहरी चौक स्थित सीसीआर में है, जबकि दूसरा स्मार्ट सिटी में। ऐसे में अब यह प्रयास शुरू किया गया है कि दोनों कंट्रोल रूम को एक साथ मर्ज कर दिया जाए, ताकि पीसीआर टेट्रा से लेकर पुलिस के सभी विंगो की मॉनिटरिंग की जा सके। इस बार सीसीटीवी परियोजना में रांची के बाहरी इलाकों को भी शामिल किया गया है। शहर के बाहर आने-जाने वाले हर प्रमुख चौक-चौराहों पर उच्च तकनीक के कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि हर आने जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा सके। रांची के धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी में आधुनिक कंट्रोल रूम और राजधानी रांची का कमांड सेंटर तैयार कर लिया गया है। रांची शहर के विभिन्न चौक-चौराहों को इससे जोड़ा गया है। इसके लिए शहर में कई तरह के आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं। अधिकारी इस कमांड सेंटर में बैठकर पूरे शहर के चप्पे-चप्पे पर निगाह रख सकते हैं। रांची के ट्रैफिक सिस्टम को भी इसी कमांड सेंटर से नियंत्रित करने की योजना है। यहां आधुनिक ट्रैफिक सिस्टम लगाया गया है, जो स्वचालित होगा यानी जिस तरफ वाहनों की भीड़ ज्यादा होगी, उसे आवाजाही का ज्यादा समय मिलेगा। शहर में माइकिंग की भी व्यवस्था की गई है। इस कंट्रोल रूम से पूरे शहर में कोई भी संदेश एक साथ दिया जा सकता है। सीसीटीवी लगने से शहर की निगरानी हो सकेगी और अपराध की घटनाओं में कमी आयेगी। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in