public-outrage-attack-on-chief-minister39s-convoy-in-maharali-and-fierce-opposition-to-agricultural-laws
public-outrage-attack-on-chief-minister39s-convoy-in-maharali-and-fierce-opposition-to-agricultural-laws

जन आक्रोश महारैली में मुख्यमंत्री के काफिले पर हमला और कृषि कानूनों का हुआ जमकर विरोध

रांची, 07 फरवरी (हि.स.)। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि रांची जैसे बीच शहर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला हुआ है, यह झारखंड की जनता बर्दास्त नहीं करेगी। उरांव रविवार को नामकुम दुर्गा सोरेन चौक स्थित हाईटेंशन मैदान में जन आक्रोश महारैली में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस षड्यंत्र का भंडाफोड़ होगा और सरकार दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेगी। इस दौरान कृषि कानून को लेकर केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए रामेश्वर उरांव ने कहा कि किसानों के देश में केंद्र ने तीन किसान विरोधी कानून बनाकर हठधर्मिता दिखाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश किसान आंदोलन के साथ है, लेकिन सरकार कृषि कानून वापस नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि हम तब तक आंदोलन करेंगे जब तक की सरकार इस काले कानून को वापस नहीं लेती है। कृषि कानून लें वापस : बादल पत्रलेख महारैली को संबोधित करते हुए झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि आज रांची के दुर्गा सोरेन चौक स्थित हाईटेंशन मैदान में किसानों का जनाक्रोश दिख रहा है। यह एक विशाल और ऐतिहासिक रैली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के काफिले पर सुनियोजित साजिश के तहत हमला हुआ और लोग इससे आक्रोशित हैं। बादल ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि आप अपने द्वारा थोपे गए कृषि कानून को वापस लें। पूरे देश के किसान प्रदर्शन कर रहे हैं और केंद्र की सरकार मदहोश बैठी हुई है। आदिवासी के बेटे पर हुए हमले को झारखंड की जनता बर्दास्त नहीं करेगी : राजेश कच्छप महारैली में खिजरी विधानसभा के विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि सीएम के काफिले पर गुंडातत्वों के द्वारा हमला किया गया है, ये अशोभनीय है। आदिवासी के बेटे पर हुए हमले को झारखंड की जनता बर्दास्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि आज देश के किसान 70 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, और सरकार की नींद नहीं खुल रही है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि देश को निजीकरण की ओर धकेलने का काम किया जा रहा है। जन आक्रोश महारैली में लोगों की भीड़ उमड़ी राजधानी रांची के नामकुम दुर्गा सोरेन चौक स्थित हाईटेंशन मैदान में जन आक्रोश महारैली में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। खिजरी विधानसभा क्षेत्र और इसके आसपास के लोग हाथों में झंडा लिए पद यात्रा करते हुए हाईटेंशन मैदान में पहुंचे थे। खिजरी विधानसभा के विधायक राजेश कच्छप के आह्वान पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कारकेड पर हुए हमले और कृषि कानून के विरोध में महागठबंधन और सामाजिक संगठन के द्वारा जन आक्रोश महारैली का आयोजन किया गया था। महारैली में वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रवक्ता राजीव रंजन, आलोक दुबे, डॉ राजेश गुप्ता (छोटू), झारखंड मुक्ति मोर्चा महिला केंद्रीय अध्यक्ष महुआ माजी सहित महागठबंधन के कई नेता शामिल थे। हिन्दुस्थान समाचार/ विकास-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in