palamu-block-supply-officials39-salary-stopped
palamu-block-supply-officials39-salary-stopped

पलामू के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों का वेतन रोका

मेदिनीनगर, 22 फरवरी (हि.स.)। झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पलामू जिले में सरकारी कार्य में शिथिलता बरतने के आरोप में उपायुक्त ने सोमवार को सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों का वेतन रोक दिया है। उपायुक्त शशि रंजन ने सोमवार को बताया कि झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पलामू जिले में कुल 88208 सदस्यों को आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित है। इस योजना के तहत जिले में शत-प्रतिशत लक्ष्य को पूर्ण किए जाने को लेकर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए थे लेकिन अब तक मात्र 64103 सदस्यों को ही आच्छादित किया गया है। साथ ही उक्त योजना के तहत जनवरी माह का आवंटित खाद्यान्न का वितरण कार्य भी लंबित है। उन्होंने बताया कि जिले में वितरित किए गए खाद्यान्नों को ऑनलाइन आहार पोर्टल पर 7 फरवरी तक अपलोड करते हुए प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाना था। कई निर्देशों के बावजूद भी उक्त कार्य को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने पूरा नहीं किया। उपायुक्त ने बताया कि तथ्यों से स्पष्ट है कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने सरकारी कार्यों के निष्पादन में शिथिलता बरती है। साथ ही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना भी की है। इस आधार पर सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों व प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in