mp-targeted-the-hemant-government
mp-targeted-the-hemant-government

सांसद ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना

रांची, 25 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने गुरुवार को हेमंत सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार की शुरुआत ही राज्य के गरीब भोले-भाले लोगों के सामूहिक नरसंहार से हुई है। चाईबासा के बुरुगुइलकेर में सात आदिवासियों की नृशंस हत्या के बाद यह अपराध थम नहीं रहा है। सांसद ने कहा कि कोल्हान के बाद संथाल परगना में सिदो कान्हू के वंशज की हत्या और अब गुमला के कामडारा में बीते दिन एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या इस श्रृंखला के बड़े उदाहरण हैं। वे गुमला जिलान्तर्गत कामडारा थाना क्षेत्र के आमटोली गांव में हुए एक ही परिवार के पांच लोगों की हुई नृशंश हत्या पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। दीपक प्रकाश ने कहा कि महिलाओं के साथ बड़े पैमाने पर हुए दुष्कर्म एवं हत्या की घटनाओं में भी आदिवासी दलित समाज ही ज्यादा हैं। इस सरकार में विकास बाधित है, जबकि अपराध का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा। उग्रवादी और अपराधी राज्य की राजधानी, उपराजधानी में घटनाओं को अंजाम देने में नहीं हिचक रहे। उन्होंने कहा कि हेमंत है तो हिम्मत है का नारा अपराधियों, उग्रवादियों पर ज्यादा सटीक बैठता है, जबकि मुख्यमंत्री को राज्य के गरीब वंचित एवं आमजन का हिम्मत बनना चाहिये था। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी भयभीत और सशंकित है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष के नेतृव में 26 फरवरी को कामडारा जाएगा। प्रदेश भाजपा ने कामडारा में हुई नृशंस हत्या की कड़ी निंदा की। साथ ही मृतकों की आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की। हिन्दुस्थान समाचार/ कृष्ण/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in