jharkhand-congress-expresses-gratitude-to-the-state-government-for-expansion-of-railway-projects
jharkhand-congress-expresses-gratitude-to-the-state-government-for-expansion-of-railway-projects

झारखंड कांग्रेस ने रेल परियोजनाओं के विस्तारीकरण के लिए राज्य सरकार का जताया आभार

रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने राज्य में रेल परियोजनाओं के विस्तारीकरण के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही भाजपा सांसद निशिकांत दूबे पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता ने गुरुवार को संयुक्त रूप से कहा कि गोड्डा-दिल्ली हमसफर रेल लाइन के लिए वर्ष 2012 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में राज्य सरकार और रेलवे के बीच एक एमओयू हुआ, जिसके कारण राज्य में रेल सेवा के विस्तार को लेकर झारखंड सरकार की ओर से भी आधी राशि देने का निर्णय किया गया। साथ ही कहा कि अब जब परियोजनाएं पूरी हो गयी तो हर बार की तरह भाजपा सांसद निशिकांत दूबे क्रेडिट लेने की होड़ में जुट गये। उन्होंने कहा कि निशिकांत दूबे की आरंभ से ही इस तरह से सस्ती लोकप्रियता हासिल करने और मीडिया में बने रहने की आदत रही है। ऐसे में सिर्फ निशिकांत दूबे द्वारा क्रेडिट लेने की कोशिश अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने रेलवे परियोजनाओं की झारखंड में विस्तारीकरण के लिए लगभग 3500 करोड़ से अधिक की राशि आवंटित करने का फैसला किया है। राज्य सरकार शीघ्र ही गोड्डा-दुमका-रांची रेलवे से जोड़ने का काम करेगी ताकि गोड्डा के लोगों का भला हो सके। हिन्दुस्थान समाचार/ कृष्ण/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in