jail-bharo-campaign-of-home-guard-jawans-on-april-12
jail-bharo-campaign-of-home-guard-jawans-on-april-12

होमगार्ड जवानों का जेल भरो अभियान 12 अप्रैल को

08/04/2021 रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने गुरूवार को कहा कि सरकार की ओर से एसोसिएशन की मांगों को लेकर अबतक किसी भी प्रकार का पत्र जारी नहीं किया गया है। इसको लेकर 12 अप्रैल को होमगार्ड के जवान जेल भरो अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार ने होमगार्ड जवानों को छलने का काम किया है। मांग से संबंधित संचिका मुख्य सचिव के यहां से मुख्यमंत्री के पास भेजी गई है। दस अप्रैल तक अगर एसोसिएशन की मांग पर लिखित आदेश नहीं मिल जाता है,तो 12 अप्रैल से होमगार्ड जेल भरो अभियान की शुरुआत करेंगे। महासचिव ने बताया कि इस संबंध में होमगार्ड एसोसिएशन की ओर से उपायुक्त को भी गुरुवार को पत्र भेजा गया है। पत्र में बताया गया है कि बीते पांच अप्रैल को होमगार्ड जवान अपनी मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन जेल भरो आंदोलन करने वाले थे। इस जेल भरो आंदोलन के दिन ही झारखंड सरकार के द्वारा वार्ता के लिए बुलाया गया था। वार्ता के दौरान एडिशनल होम सेक्रेटरी ए डोडे ने कहा था कि होमगार्ड जवानों की मांगों पर सरकार के स्तर से लिखित आदेश 24 घंटा में मिल जाएगा। लेकिन आज तक किसी भी प्रकार का लिखित आदेश झारखंड सरकार की ओर से नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जेल भरो आंदोलन के दौरान अगर किसी प्रकार की कोई भी अनहोनी होती है, तो इसकी जवाबदेही झारखंड सरकार और प्रशासन की होगी। उल्लेखनीय है कि एसोसिएशन ने बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी सामान काम का समान वेतन का लाभ, नियमित ड्यूटी देने , कर्मचारी भविष्य निधि और सेवानिवृत्त होने के बाद एकमुश्त राशि भुगतान की मांग सरकार से की थी। हिन्दुस्थान समाचार/ विकास

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in