it-is-not-fair-to-do-politics-for-petty-political-interests-congress
it-is-not-fair-to-do-politics-for-petty-political-interests-congress

क्षुद्र राजनीतिक स्वार्थ के लिए राजनीति करना कतई उचित नहीं : कांग्रेस

रांची, 26 फरवरी (हि.स.)। झारखंड कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने गुमला के कामडारा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की नृशंस हत्या की घटना पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि 21वीं सदी में इस तरह की अंधविश्वास की घटना सभ्य समाज में कतई स्वीकार्य नहीं है। साथ ही भाजपा नेताओं से अपील की कि इस तरह की जघन्य घटना होने पर क्षुद्र राजनीतिक स्वार्थ के लिए राजनीति करना कतई उचित नहीं है। दूबे ने कहा कि घटना के बाद पुलिसिया कार्रवाई को लेकर पार्टी की ओर से पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा से भी बात की गयी। डीजीपी ने बताया कि सामूहिक हत्याकांड का मामला सामने आने के बाद पुलिस की ओर से तुरंत आधुनिक तरीके से जांच शुरू कर साक्ष्य एकत्रित करने का काम शुरू हुआ। सबसे पहले फॉरेसिंक विभाग की टीम ने वैज्ञानिक तरीके से आरोपितों के विरूद्ध साक्ष्य एकत्रित किये गये। वहीं, डॉग स्क्वायड की टीम ने साक्ष्य एकत्रित करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, डीजीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने हत्याकांड में प्रयुक्त हथौड़ा और धारदार हथियार के अलावा आरोपितों के चप्पल सहित अन्य सामानों को भी बरामद किया है। साक्ष्य एकत्रित करने के साथ ही कई आरोपितों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित हो चुकी है और मामले की गहन छानबीन जारी है। अब पुलिस अदालत के माध्यम से आरोपितों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का प्रयास करेगी। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा लगातार नकारात्मक राजनीति की दिशा की ओर अग्रसर है। जिस तरह से भाजपा नेता गैर जिम्मेदाराना तरीके से किसी भी घटना पर तुरंत आरोप लगाने में जुट जाते है, वह दुःखद है। अंधविश्वास समाज के लिए एक बड़ी कुरीति है। इस कुप्रथा को कैसे दूर किया जाए, इसे लेकर यदि उनकी ओर से कोई सुझाव दिया जाता है तो कांग्रेस पार्टी उसका स्वागत करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। यदि कोई घटना हो भी जाती है तो भाजपा शासनकाल की तरह उस पर परदा नहीं डाला जाता, बल्कि अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित होती है। मामले का अनुसंधान किया जाता है और कार्रवाई होती है। यही कारण है कि वर्तमान में अपराधियों का मनोबल पूरी तरह से गिरा हुआ है, लेकिन भाजपा नेता पुलिस-प्रशासन का ही मनोबल तोड़ने में लगे है, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/ कृष्ण/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in