india-becomes-self-reliant-in-vaccine-case-vaccine-being-given-to-countries-like-canada-jayant-sinha
india-becomes-self-reliant-in-vaccine-case-vaccine-being-given-to-countries-like-canada-jayant-sinha

वैक्सीन के मामले में भारत हुआ आत्मनिर्भर, कनाडा जैसे देशों को दी जा रही वैक्सीन : जयंत सिन्हा

रामगढ़, 15 फरवरी (हि.स.) । कोरोना महामारी के खिलाफ भारत का संघर्ष अव्वल दर्जे का है। यही वजह है कि हमारे वैज्ञानिकों ने बेहद सस्ते दाम में वैक्सीन तैयार की है। पूरे देश में लोगों को निशुल्क वैक्सीन लगाने की व्यवस्था तो हो ही रही है। वैक्सीन निर्माण के मामले में भारत ने खुद को आत्मनिर्भर बना लिया है। आज कनाडा और विश्व के दूसरे देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध करा रहा है। यह बात सोमवार को रामगढ़ में सांसद जयंत सिन्हा ने कही। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने बजट में 35000 करोड रुपए वैक्सीन के लिए उपलब्ध कराए हैं। अगर राज्य सरकारों का सहयोगात्मक रवैया रहा तो पूरे झारखंड के नागरिक को निशुल्क वैक्सीन लगाई जाएगी। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ऐतिहासिक बजट 1 फरवरी को पेश किया है। उसका लाभ रामगढ़ और झारखंड के अन्य जिलों के लोगों को सीधा सीधा मिलेगा। जयंत सिन्हा ने कहा कि 35000 करोड रुपए में 50 करोड़ लोगों को निशुल्क वैक्सीन लगने की संभावना है। स्वास्थ्य विभाग में 50 फ़ीसदी भागीदारी राज्य सरकारों की भी है। अगर राज्य सरकारों ने सहयोग किया तो 35000 करोड रुपए उनके बजट से भी वैक्सीन के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। अगर यह हुआ तो देश के 100 करोड़ लोगों को निशुल्क वैक्सीन लगाई जा सकेगी। सांसद ने कहा कि बजट का सीधा प्रभाव रामगढ़ की आम जनता और किसानों पर होने वाला है। उन्होंने 5 बिंदु पर लोगों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन, जल जीवन मिशन, नाली निर्माण, संसाधनों का विकास और टैक्स में कोई बढ़ोतरी नहीं होना सीधे आम जनता से जुड़ा हुआ है। केंद्र सरकार ने पिछले वर्ष जल जीवन मिशन के तहत 15000 करोड रुपए का प्रावधान किया था। लेकिन इस वर्ष 60000 करोड़ का प्रावधान है। यही वजह है कि जैसे हजारीबाग जिले के 70000 घरों को पाइप लाइन से पानी उपलब्ध होगी। वैसे ही जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के हर घर को पाइप लाइन से जोड़कर पानी उपलब्ध कराया जाएगा। शहर में कवर्ड नालियों का निर्माण होगा। साथ ही वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट और श्वेच ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर नदियों को भी प्रदूषित होने से बचाया जाएगा। इन सभी चीजों का प्रावधान केंद्र सरकार ने अपने बजट में किया है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक बजट से जीडीपी में 11 से 12 फ़ीसदी का इजाफा होने वाला है। लेकिन इस रॉकेट बजट की खासियत यह है कि आगे के वर्षों में भी सात से आठ फ़ीसदी का इजाफा जीडीपी में होगा। यही वजह है कि निवेशक इसे ऐतिहासिक बजट के रूप में देख रहे हैं। बजट पेश होने के बाद ही शेयर बाजार में भी अचानक भारी उछाल आया है। शेयर बाजार का सूचकांक 10 से 15 फ़ीसदी बढ़ा है। यह सिर्फ नए बजट का प्रभाव है। रामगढ़ में 50000 बच्चों के लिए बनाया जाएगा अक्षय पात्र सांसद जयंत सिन्हा ने कहा कि रामगढ़ में भी 50000 बच्चों के लिए अक्षय पात्र का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए कोल इंडिया के चेयरमैन ने उन्हें स्वीकृति भी दी है। उन्होंने कहा कि मध्यान भोजन के तहत बच्चों को ₹7 मूल्य तक का भोजन उपलब्ध कराया जाता है। लेकिन अक्षय पात्र में 7 रुपए मध्यान भोजन और 7 रुपए दान से उपलब्ध होते हैं, जिससे बच्चों को 14 रुपए तक का बढ़िया भोजन उपलब्ध होता है। हिन्दुस्थान समाचार/ अमितेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in