Incidents of rape and murder increased in Jharkhand, ten rapes so far in January
Incidents of rape and murder increased in Jharkhand, ten rapes so far in January

झारखंड में बढ़ीं दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं, जनवरी में अब तक दस दुष्कर्म

रांची, 18 जनवरी (हि.स.)। झारखंड में दुष्कर्म और उसके बाद हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। राज्य में युवतियां असुरक्षा की भावना के साथ जीने को मजबूर हैं। इन घटनाओं को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण जनता में आक्रोश है और राज्य सरकार की विफलता तथा पुलिस प्रशासन की निसक्रियता पर सवाल उठा रहे हैं। जनवरी माह में अब तक दुष्कर्म की दस घटनाओं से शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोग आक्रोशित हैं। घटनाओं को रोकने में राज्य का पुलिस प्रशासन पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। हर दिन किसी न किसी क्षेत्र से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की खबरें आ रही हैं। पुलिस ने दावा किया है कि दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। अब तक के दुष्कर्म की वारदात में अधिकांश नजदीकी रिश्तेदार, परिचित, ब्वायफ्रेंड की संलिप्तता रही है। झारखंड में दुष्कर्म की घटनाओं पर अंकुश और महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लेकर पुलिस ने कई कदम उठाए हैं। स्कूली छात्राओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग दी जा रही हैं। साथ ही दुष्कर्म के चार्जशीटेड केस में स्पीडी ट्रायल कराकर दोषियों को सजा दिलाई जा रही हैं। महिला व नाबालिगों की सुरक्षा के लिए हर जिले में पुलिस ने विशेष व्हाट्सएप नंबर जारी किये गए हैं। इन पर महिलाएं या नाबालिग यौन अत्याचार से जुड़े मामलों की शिकायत कर सकती हैं। गांवों में पुलिस आठवीं कक्षा से ऊपर की छात्राओं को सुरक्षा टिप्स देने का काम कर रही है ताकि दुर्व्यवहार करने वालों से निपटा जा सके। कई जिलों में इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। दुष्कर्म की घटनाओं को अंजाम देने वाले 95 प्रतिशत आरोपितों की गिरफ्तारी हो रही है। जनवरी माह में अभी सत्रह दिन में अब तक दस दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जनवरी की प्रमुख घटनाएं- -01 जनवरी : जामताड़ा जिले के बिन्दापाथर थाना क्षेत्र में एक सैलून संचालक पर एक युवती को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपित सैलून संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। -03 जनवरी : राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र के साईं यूनिवर्सिटी कुच्चू के पीछे परसा पतरा जंगल में एक अज्ञात युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ। -07 जनवरी : रांची के मांडर थाना क्षेत्र के चटवल में एक 17 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म हुआ। इस मामले में पुलिस ने आरोपित इम्तियाज अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। -08 जनवरी : चतरा जिला में हंटरगंज प्रखंड स्थित एक गांव में 50 वर्षीय विधवा महिला के साथ तीन लोगों ने दुष्कर्म किया। सामूहिक दुष्कर्म के बाद महिला के प्राइवेट में ग्लास डाल दिया गया था। इस मामले में तीन आरोपितों में दो को गिरफ्तार किया गया है। -9 जनवरी : रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में एक 27 साल की महिला के साथ 18 साल के युवक ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने के इरादे से उसके सिर पर पत्थर मारा और भाग निकला। पुलिस ने मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। वह एक पैर से विकलांग है। -10 जनवरी : हजारीबाग के बरकट्ठा थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना। मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। -10 जनवरी : रांची के नरकोपी थाना क्षेत्र में गांव के युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। आरोपित का चाचा भी छेड़छाड़ किया करता था और धमकाता भी था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। -13 जनवरी : सरायकेला जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत पिंडरा बेड़ा जंगल में स्कूटी से घर जा रही युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद युवती को जंगल में छोड़कर दोनों फरार हो गए। -14 जनवरी : पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पतरातू डैम में एक युवती का शव मिला था। उसके हाथ-पैर बंधे थे। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई। 15 जनवरी : पलामू जिले में एक महिला ने अपने मामा पर अगवा कर पांच दिन तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। घटना छतरपुर थाना क्षेत्र की है। महिला दो बच्चों की मां थी। हिन्दुस्थान समाचार/ विकास-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in