
13/05/2021 रामगढ़, 13 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में गुरुवार को 366 लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है। अस्पतालों से उन्हें घर भेज दिया गया है। सिविल सर्जन डॉ गीता सिन्हा मानकी ने बताया कि रामगढ़ जिले में धीरे धीरे कोरोना के मरीज ठीक हो रहे हैं। इसका सकारात्मक प्रभाव दूसरे मरीजों पर भी पड़ रहा है। जो अभी अस्पताल में भर्ती हैं उन्हें भी अब स्वस्थ होकर घर जाने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को अस्पताल से घर पहुंचे लोगों को 7 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया गया है। इधर, गुरुवार की शाम 202 नए संक्रमित मरीज भी मिले हैं। 202 व्यक्तियों में 138 रामगढ़, 18 गोला, 11 पतरातू, 32 मांडू, 3 चितरपुर प्रखंड के हैं। प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उनके इलाज हेतु आगे की कार्रवाई की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अमितेश/चंद्र