holi-meeting-of-ranchi-mahanagar-congress
holi-meeting-of-ranchi-mahanagar-congress

रांची महानगर कांग्रेस का होली मिलन समारोह

रांची, 20 मार्च (हि.स.)। महानगर कांग्रेस की ओर से मोराबादी स्थित संगम गार्डन में होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि होली प्रेम एवं सदभावना का त्यौहार है। ऐसे मिलन समारोह के आयोजन से समाज के सभी वर्गों में एकता और भाईचारे का संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में विभिन्न मजहब के लोग रहते हैं लेकिन अनेकता होने के बावजूद भी देश की जनता हर पर्व-त्योहार पर आपसी भाईचारा का संदेश देती रही है। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि ऐसे समारोह निश्चित रूप से समाज में एक संदेश देने का काम करते हैं। वर्तमान में हम कोविड जैसी वैश्विक बीमारी का सामना कर रहे हैं। इसलिए झारखंड वासियों से अनुरोध है कि कोविड के गाइडलाइन का पालन करते हुए खुशी एवं उल्लास पूर्वक वातावरण में पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि कोविड से निपटने के लिए झारखंड सरकार पूरी तरह से तैयार है लेकिन आम जनता को भी चाहिए कि अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सावधानी में कोई कोताही न बरतें। रांची महानगर क्षेत्र की जनता एवं कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि हमें उल्लास पूर्वक त्योहार को मनाते हुए समाज में एकता की पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखना है। इस अवसर पर नेताओं ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। समारोह में मुख्य रूप से विधायक दीपिका पांडेय सिंह, पूर्णिमा नीरज सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मानस सिन्हा, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुंजन सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद आदि उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/ कृष्ण/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in