ganges-narayan-singh-of-ajsu-joins-bjp-speculation-of-contesting-by-election-from-madhupur
ganges-narayan-singh-of-ajsu-joins-bjp-speculation-of-contesting-by-election-from-madhupur

भाजपा में शामिल हुए आजसू के गंगा नारायण सिंह, मधुपुर से उपचुनाव लड़ने की अटकलें

रांची, 22 मार्च (हि.स.)। झारखंड के मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछला चुनाव ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) की टिकट पर लड़ने चुके गंगा नारायण सिंह सोमवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गये। सोमचार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में गंगा नरायण सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, आदित्य साहू आदि मौजूद थे। गंगा नारायण के भाजपा में शामिल होने के बाद उम्मीद जतायी जा रही है कि उन्हें मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा अपना उम्मीदवार बना सकती है। इस मौके पर गंगा नारायण सिंह ने कहा कि वह नि:स्वार्थ भाव से भाजपा में शामिल हुए हैं। पार्टी उन्हें जो जिम्मेदारी देगी, वह ईमानदारीपूर्वक उसका निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि वह पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी से प्रभावित रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा के लिए भाजपा सबसे बेहतरीन पार्टी है। भाजपा के साथ जुड़कर जन सेवा से जुड़ने का मौका मिलेगा। उल्लेखनीय है कि मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पिछले कुछ दिनों पूर्व भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई थी। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, बाबूलाल मरांडी और धर्मपाल सिंह को उपचुनाव के लिए उम्मीदवार का नाम तय कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने के लिए अधिकृत किया गया था। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in