elephants-kill-two-including-women
elephants-kill-two-including-women

हाथियों ने महिला समेत दो की जान ली

-वन विभाग ने परिजनों को 50 हजार की राशि सौंपी हजारीबाग, 27 फरवरी (हि.स.)। बरकट्ठा प्रखंड में पिछले 15 दिनों से हाथियों का उत्पात जारी है। हाथियों ने शुक्रवार की रात एक महिला समेत दो लोगों की जान ले ली। मौके पर पहुंचे वन विभाग के पदाधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए 50 हजार रुपये की राशि दी। बताया गया है कि बरकनगांगो निवासी बलराम पासवान (35) को हाथियों ने कुचलकर मार डाला। गांव की एक महिला फुलवा देवी भी हाथियों के झुंड की शिकार हुई। वह कल शाम चार बजे से ही लापता थी, जिसका शव मिला है। उसकी खोजबीन के लिए बलराम पासवान घर से निकला था। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव बरकनगांगो पहुंचे और मृतक बलराम पासवान के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की। साथ ही हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग की। यादव ने कहा कि वन विभाग के अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे ग्रामीण दहशत में जीने को मजबूर हैं। इस दौरान भाजपा बेडोकला मंडल अध्यक्ष बिरेन्द्र यादव, मुखिया बरकट्ठा दक्षिणी मुंशी पासवान, महेन्द्र प्रसाद, अजय चौधरी, सत्येंद्र कुमार यादव, गुलजार अली, जगलाल यादव, रतन पासवान, सोनू पासवान, बालेश्वर यादव, किशोर मोदी, रामबिलास यादव, रवि पासवान, संतोष यादव, दुलारचंद पासवान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ शाद्वल/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in