due-to-uproar-by-bjp-mlas-discussion-on-agriculture-bill-and-inflation-could-not-be-held
due-to-uproar-by-bjp-mlas-discussion-on-agriculture-bill-and-inflation-could-not-be-held

भाजपा विधायकों के हंगामे के कारण कृषि बिल और महंगाई पर नहीं हो सकी चर्चा

रांची, 22 मार्च (हि. स.)। झारखंड विधानसभा में सोमवार को कृषि बिल और महंगाई पर चर्चा होने वाली थी। लेकिन भाजपा विधायकों के हंगामा के कारण इस पर चर्चा नहीं हो सकी। इस दौरान भाजपा के विधायक रिपोर्टिंग टेबल पर बैठ गए। इससे पूर्व कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सत्तापक्ष और विपक्ष ने फैसला किया था कि सोमवार को कृषि बिल और महंगाई पर चर्चा होगी। सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई भाजपा के विधायक हंगामा करने लगे। सबसे पहले सरकार की ओर से सुदिव्य कुमार और विनोद कुमार सिंह ने अपनी बात रखी। इस पर हंगामा होने लगा। इस पर विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने 3:35 पर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। भाजपा विधायक इतना जोर से हंगामा कर रहे थे कि भाजपा के विधायक अनंत ओझा भी अपनी बात नहीं रख पाए। सीपी सिंह ने कहा कि सरकार किस कृषि बिल पर चर्चा करने आई है। सबसे पहले उस बिल को सदन में रखा जाए। इस दौरान लगभग एक घंटे तक भाजपा विधायक वेल में आकर हंगामा करते रहे। इस दौरान विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, राज सिन्हा, सीपी सिंह, रणधीर सिंह, मनीष जायसवाल रिपोर्टिंग टेबल पर बैठ गए। इस दौरान विधानसभा की रिपोर्टिंग करने वाले विधानसभा कर्मियों को दूसरी जगह पर बैठना पड़ा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष बार बार भाजपा के विधायकों को अपने टेबल पर जाकर बैठने को कह रहे थे। लेकिन विधायक सुनने को तैयार नहीं थे। इस पर स्पीकर ने कहा कि कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सत्तापक्ष और विपक्ष ने कृषि बिल और महंगाई पर चर्चा करने की बात कही थी। इस तरह हंगामा ठीक नहीं है। विधानसभा में तीन विधेयक पारित झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सोमवार को तीन विधेयक पारित हुए। इनमें झारखंड माल एवं सेवा कर संशोधन विधेयक, झारखंड हरित ऊर्जा उपकर विधेयक और सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद विज्ञापन प्रतिषेध और व्यापार तथा वाणिज्य उत्पादन प्रदाप एवं वितरण विनियमन झारखण्ड संशोधन विधेयक 2021 शामिल है। विपक्ष के हंगामे को देखते हुए स्पीकर ने सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in