chief-secretary-accused-of-cheating-in-the-name-of-trust-arrested-from-kolkata
chief-secretary-accused-of-cheating-in-the-name-of-trust-arrested-from-kolkata

ट्रस्ट के नाम पर धोखाधड़ी का आरोपित चीफ सेक्रेटरी कोलकाता से गिरफ्तार

रांची, 20 जून (हि.स.)। एमएसएस आयुर्वेदिक हेल्थकेयर एंड ट्रस्ट के नाम पर चिटफंड मामले में ईडी ने कार्रवाई करते हुए ट्रस्ट के चीफ सेक्रेटरी हेमंत सिन्हा को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। ईडी ने हेमंत को गिरफ्तार करने के बाद ईडी के विशेष न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उसे 29 जून तक न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेज दिया है। चिटफंड मामले में हेमंत कुमार सिन्हा लंबे समय से फरार चल रहा था। इससे पहले ईडी ने जून 2020 में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राकेश पोद्दार और कोषाध्यक्ष सह संयुक्त सचिव मुकेश पोद्दार को वाराणसी और मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। एमएसएस आयुर्वेदिक हेल्थकेयर एंड ट्रस्ट के नाम पर चिटफंड कंपनी हेमंत सिन्हा और उसके अन्य सहयोगियों के द्वारा चलाया जा रहा था। इन लोगों के द्वारा जमा रुपये का चार गुना राशि देने का लोगों को झांसा दिया गया। इसी बहाने प्रत्येक व्यक्ति से तीन हजार रूपये आश्वासन के लिए और इसके बदले चार पोस्ट डेटेड चेक देते थे। जांच में पता चला कि ट्रस्ट द्वारा 10 करोड़ का गबन किया गया था। कंपनी अरगोड़ा थाना क्षेत्र में संचालित थी। ट्रस्ट के लोगों ने साल 2007 में कम्पनी खोली और 2010 में निवेशकों के 10 करोड़ से अधिक लेकर फरार हो गये थे। अरगोड़ा पुलिस ने मामले के सभी आरोपितों को भगोड़ा घोषित कर फाइल बंद कर दी थी। इसके बाद वर्ष 2012 में ईडी ने इस मामले को टेकओवर और साल 2018 में इस मामले में शामिल आरोपितों की 2.28 करोड़ की संपति को जब्त किया था। हिन्दुस्थान समाचार/ विकास

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in