chief-minister-hemant-soren-does-not-trust-his-own-cabinet-amar-bauri
chief-minister-hemant-soren-does-not-trust-his-own-cabinet-amar-bauri

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपने ही मंत्रिमंडल पर भरोसा नहीं : अमर बाउरी

रांची, 19 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपने ही मंत्रिमंडल पर भरोसा नहीं है। जिस तरीके से मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा हुआ है, उससे यही प्रतीत होता है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं गृह कारा विभाग के अनुदान मांग पर लाये गए कटौती प्रस्ताव के समर्थन में यह बातें भाजपा विधायक अमर बाउरी ने कही। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि पिछली सरकार में मंत्री रही लुइस मरांडी के पास जो विभाग था, इस सरकार में वो तीन लोगों को दे दिया गया है। अमर बाउरी ने कहा कि ये फैसला करने को सरकार स्वतंत्र है लेकिन इससे सामंजस्य बैठाकर काम करने में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर इस सरकार में फेल है। गुरुवार शाम को रांची में चुटिया इलाके की घटना का जिक्र करते हुए बाउरी ने कहा कि दारोगा को बदमाश खुलेआम गोली मार रहे हैं। अमर बाउरी ने कहा कि राज्य में धर्मांतरण कानून का उल्लंघन हो रहा है। पलामू में कोरबा जनजाति के लगभग 200 परिवार का धर्म परिवर्तन करा दिया गया है। उन्होंने पूछा कि सरकार बताए कि कहां कानून को लागू कराया गया है। मौजूदा सरकार में कानून नाम की चीज है या नहीं। झारखंड विधानसभा में मंत्रिमंडल सचिवालय और गृह कारागार विभाग के अनुदान मांग पर कटौती प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो ने कहा कि रांची और धनबाद जेल से रंगदारी मांगी जा रही है। इस बात को आगे बढ़ाते हुये धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद जेल से तो वीडियो कॉल के जरिये रंगदारी मांगी जाती है। दो मंत्रियों के बीच ठनी झारखंड विधानसभा बजट सत्र के 14वें दिन शुक्रवार को सदन में चर्चा के दौरान विधायक अमर बाउरी और पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर के बीच गहमा-गहमी दिखी। अमर बाउरी ने मंत्री मिथिलेश ठाकुर से कहा कि आपको जुमा-जुमा एक साल हुआ है मंत्री बने। हम पांच साल रहे हैं। ठंड रखिये। ज्यादा अच्छा रहेगा। उत्तेजना ठीक नहीं है। हमलोग डरने वाले नहीं है। दरअसल, शुक्रवार को सदन में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं गृह कारागार विभाग के अनुदान मांग पर लाये गए कटौती प्रस्ताव के समर्थन में बोलने के लिये विधायक अमर बाउरी खड़े हुये। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। अमर बाउरी सदन में दो दिन पहले बालू पर सरकार की तरफ से दिये गए जवाब के कुछ बातों से सरकार को कानून व्यवस्था का हाल बता रहे थे। इस पर मंत्री मिथिलेश ठाकुर उठकर बोलने लगे। इस बीच मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने उन्हें टोका। इस टोका-टाकी से नाराज अमर बाउरी ने कहा कि आप धमकाइये नहीं। विपक्ष डरेगा नहीं। अमर बाउरी ने कहा कि सवाल पूछने पर राज्य सरकार भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को परेशान करती है। हमारे कार्यकर्ताओं को तंग किया जा रहा है। यह सही नहीं है। अमर बाउरी ने कहा कि सरकार के इस रवैये का पदाधिकारी फायदा उठा रहे हैं। सही नहीं है। सरकार को विपक्ष के सवालों का जवाब देना चाहिए। परेशान करने की नीति बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है। सीपी सिंह ने कानून व्यवस्था पर किए सवाल गुंडा, चोर, डकैत, उग्रवादी और बलात्कारी, हेमंत है तो हिम्मत है के नारे लगा रहे हैं। पूरे झारखण्ड में यही नारा अपराधियों के बीच गूंज रहा है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं गृह कारागार के अनुदान मांग पर लाये गए कटौती प्रस्ताव के समर्थन में विधायक सीपी सिंह ने ये बातें कही। उन्होंने कहा कि पुलिस को कानून व्यवस्था का आज्ञाकारी होना चाहिए लेकिन झारखंड की पुलिस सत्ता की आज्ञाकारी हो गयी है। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाये। इस पर कांग्रेस के विधायक अनूप सिंह ने कहा कि अनुराग गुप्ता किसके आज्ञाकारी थे। सीपी सिंह ने कहा कि पिछली सरकारों में सब सही था, ऐसे नहीं बोल रहा हूं। मैं हां में हां मिलाने वाला नहीं हूं। सीपी सिंह के बयान के बाद सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस हो गयी। सीपी सिंह ने कहा कि पापी वोट के लिए हेमंत सोरेन की सरकार पुलिस को पिटवाई। वे लॉकडाउन के दौरान हिंदपीढ़ी में स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच हुई झड़प की घटना को इशारों-इशारों में याद दिलाते हुए ये बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि ये शर्मनाक है। उन्होंने पूर्व डीजीपी एमवी राव पर तंज कसते हुए कहा कि आयरन हैंड कहां चला गया। मेरे दो मोबाइल नंबर का सीडीआर निकाला गया। मैं सदन में बता रहा हूं मेरे पास चार मोबाइल नंबर है। बाकी के बचे दो का भी सीडीआर निकलवा लीजिये, कुछ नहीं निकलेगा। बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने कहा कि मैं हाथ नहीं फैलाता। हिन्दुस्थान समाचार/ विकास/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in