call-for-corona-vaccination-campaign-to-be-successful
call-for-corona-vaccination-campaign-to-be-successful

कोरोना टीकाकरण अभियान को सफल बनाने का आह्वान

रांची, 10 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने बुधवार को प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की वर्चुअल बैठक में आह्वान किया कि जिस प्रकार कोरोना काल में जान की बाजी लगाकर गरीबों, जरूरतमंदों और असहायों का सहयोग किया है, ठीक उसी प्रकार कोरोना टीकाकरण अभियान को भी सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को हराने के लिये टीकाकरण अभियान को जन-जन तक पहुंचाना आज सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रकाश ने सभी कार्यकर्ताओं से टीकाकरण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और टीकाकरण अभियान के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ अनिल जैन ने कहा कि देश में दुनिया का सबसे बड़ा और सस्ता कोविड-19 टीकाकरण अभियान चल रहा है। दो करोड़ से अधिक लोगों ने टीका लगवा लिया है। भारत के वैज्ञानिक बधाई और प्रशंसा के हकदार हैं, जिनके प्रयासों से भारत ने वसुधैव कुटुम्बकम का मंत्र चरितार्थ करते हुए विश्व के 47 देशों को वैक्सीन भेजी है। जैन ने कहा कि अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता सभी मंडलों में हेल्प डेस्क लगाकर टीकाकरण में सहयोग करेंगे। कोविन एप्प के माध्यम से रजिस्ट्रेशन में मदद करेंगे। वरिष्ठ नागरिक और बीमार व्यक्तियों को टीकाकरण केंद्र ले जाने एवं घर पहुचाने में मदद करेंगे। लोगों के बीच टीकाकरण के लिये जनजागरण अभियान चलाएंगे। इस अभियान में पार्टी की आईटी टीम की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिये पार्टी के सांसद, विधायक, नगरपालिका, नगर निगम, जिला परिषद और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया है। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू और धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने किया। हिन्दुस्थान समाचार/ कृष्ण/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in