birsa-munda-raged-against-the-british-against-exploitation--arjun-munda
birsa-munda-raged-against-the-british-against-exploitation--arjun-munda

बिरसा मुंडा ने शोषण के खिलाफ अंग्रेजों के विरुद्ध उलगुलान किया : अर्जुन मुंडा

रांची, 09 जून (हि. स.)। केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री और खूंटी सांसद अर्जुन मुंडा ने कहा कि बिरसा मुंडा ने शोषण के खिलाफ अंग्रेजों के विरुद्ध उलगुलान किया। बिरसा मुंडा के सपने को साकार करने के लिए भाजपा दृढसंकल्पित है। अर्जुन मुंडा बुधवार को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि सह जनजाति उलगुलान समारोह कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली से वर्चुवल माध्यम से बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में साढ़े दस करोड़ से ज्यादा जनजाति के लोग हैं जिन्हें नौवें शेड्यूल में उनके हक और अधिकार को सुरक्षित रखा गया है। धारा 242 में राष्ट्रपति को भी उत्तरदायित्व बनाया गया है। साथ ही ट्राइबल एडवाइजरी कमिटी को भी विशेष अधिकार दिए गए हैं। राज्य के आदिवासी समाज के लोगों को समझना होगा कि राज्य की हेमन्त सरकार हमारे हक अधिकार किस तरह से मार रही है। जनजातीय समाज को जागरूकता का परिचय देने का समय आ गया है। उन्होंने हेमंत सरकार द्वारा जनजातीय सलाहकार परिषद (टीएसी) में किए गए छेड़छाड़ को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि टीएसी को दंत विहीन बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में जनजाति मोर्चा की जिम्मेवारी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने 36000 गांव को आदर्श ग्राम बनाने की योजना बनाई है। जिसमें पांच सालों में आधारभूत संरचना, रोजगार का बढ़ावा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल की पूर्ण व्यवस्था, नेटवर्क व्यवस्था सहित 55 व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत कार्य होंगे। प्रत्येक वर्ष 7000 गांव आदर्श ग्राम बनाया जाएगा। जनजातियों बच्चों के लिए नवोदय विद्यालय के तर्ज पर प्रत्येक प्रखंड में एक एकलव्य विद्यालय बनाने का निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया है। बिरसा मुंडा के पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय विकास के लिए एक बैठक भी बुलाई है इसमें कई फैसले लिए जाएंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने देश के लिए, समाज के लिए और अपनी संस्कृति, आदिवासी व आदिवासियत के लिए अपनी जान न्यौछावर कर दी। लेकिन झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों के साथ देश के इतिहासकारों ने न्याय नहीं किया। झारखंड के शहीदों को इतिहास के पन्ने पर वह स्थान नहीं मिला जो उन्हें मिलना चाहिए था। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों का पिट्ठू बनकर कार्य करने वाले ईसाई मिशनरियों, विदेशी पादरियों के खिलाफ धर्मांतरण के खिलाफ और देश की आजादी के लिए भगवान बिरसा मुंडा ने जोरदार संघर्ष किया और ऐसे सभी लोगों को खदेड़ने का काम किया। बिरसा मुंडा के सिद्धांत को सिर्फ और सिर्फ भाजपा ने आत्मसात करने का काम किया। भाजपा का भी वही उद्देश्य है जो भगवान बिरसा मुंडा का था। भाजपा का संकल्प है आदिवासियों का पूर्ण विकास। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in