babulal-marandi-received-a-warm-welcome-in-madhupur
babulal-marandi-received-a-warm-welcome-in-madhupur

मधुपुर में बाबूलाल मरांडी का गर्मजोशी से स्वागत

देवघर, 27 मार्च (हि.स.)। झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और वर्तमान में प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी शनिवार को मधुपुर पहुंचे। मधुपुर स्टेशन पर उनके स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। इस मौके पर विधानसभा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बाबूलाल मरांडी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने बहुत सोच समझकर उम्मीदवारी का निर्णय किया। उन्होंने दावा किया कि मधुपुर सीट पर पार्टी की जीत सुनिश्चित है। साथ ही कहा कि जिस तरह शिबू सोरेन को मुख्यमंत्री रहते हुए तमाड़ में हार का मुंह देखना पड़ा था, उसी प्रकार का दृश्य मधुपुर में दो मई को दिखेगा। इसके बाद बाबूलाल मरांडी अपने विश्वस्त सचिव राजेंद्र तिवारी के घर उनके पिता के असामयिक निधन पर शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे। वहां से वे करौं प्रखंड में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रखण्ड के चौदह पंचायतों के बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा उम्मीदवार गंगा नारायण सिंह को भारी मतों से जिताने का संकल्प लिया। इस दौरान अधीरचन्द्र, संजय यादव, भरतलाल, विनय सिंह, बिनु यादव, अरदेन्दु राय, अक्षय पाण्डेय, मनहर, लखन सिंह, हृषिकेश सिंह, बिष्णु साह, दिलीप यादव, वरुण कुमार सिंह, सरिता देवी के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे I मंच का संचालन अशोक यादव ने किया। हिन्दुस्थान समाचार/चन्द्र विजय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in