awareness-rally-on-women39s-equality-was-organized-on-women39s-day
awareness-rally-on-women39s-equality-was-organized-on-women39s-day

महिला दिवस पर महिला समानता को लेकर जागरूकता रैली आयोजित की गई

रांची, 08 मार्च (हि. स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को रांची विश्विद्यालय की इंटरनल कमिटी ( महिला कोषांग ) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में महिला समानता को लेकर जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली के पूर्व सभा भी आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता रांची विश्वविद्यालय की कुलपति कामिनी कुमार ने की। मुख्य अतिथि रांची नगर निगम की मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में स्वाभाविक रूप से नेतृत्व एवं प्रबंधन संभाल रही हैं। उन्होंने माँ के भूमिका पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि माँ का योगदान अतुल्य है एवं सभी को माँ का सम्मान करना चाहिए। भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को गाँव - गाँव तक पहुंचाने का आह्वान किया। कामिनी कुमार ने कहा कि भारत में महिला - पुरुष का अनुपात में 1000 पुरुष पर 930 महिलाएं हैं जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या को अभिशाप बताते हुए कहा कि इसको सरकारी एवं सामाजिक स्तर पर निश्चित प्रतिबंध लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित छात्र - छात्राओं को आगे बढ़कर समाज में महिला स्वावलंबन के लिए सकारात्मक प्रयास करने की अपील की। राँची विश्विद्यालय की इंटरनल कमिटी ( वीमेन सेल) की पीठासीन पदाधिकारी डॉ रेणु दीवान ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2021 का थीम महिलाओं का नेतृत्व, कोविड के दौर में समान भविष्य का निर्माण पर चर्चा करते हुए महिला दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। सभा का संचालन एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार एवं इंटरनल कमिटी की सदस्य सचिव डॉ स्मृति सिंह ने संयुक्त रूप से किया एवं धन्यवाद ज्ञापन विवि के डीएसडब्ल्यू डॉ पीके वर्मा ने किया। सभा के बाद जागरूकता रैली को आशा लकड़ा एवं कामिनी कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विवि मुख्यालय से रैली प्रारंभ होकर एल्बर्ट चौक (फिरायालाल चौक ) , सर्जना चौक, शहीद चौक होते हुए पुनः विश्वविद्यालय मुख्यालय परिसर में समाप्त हुआ। रैली के बाद विवि सीनेट हॉल में राँची विश्विद्यालय के परफार्मिंग एन्ड फाइन आर्ट्स विभाग की छात्र - छात्राओं ने दुर्गा शक्ति , नृत्य नाटिका (कोविड 19 महामारी में महिला की भूमिका ) विषय पर नृत्य के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया,जिसे सभी ने सराहना की। नृत्य कार्यक्रम का कोरियोग्राफर विपुल नायक एवं शालीना ने किया। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in