agricultural-fair-cum-exhibition-exhibition-organized-in-gola-block
agricultural-fair-cum-exhibition-exhibition-organized-in-gola-block

गोला प्रखंड में हुआ कृषि मेला सह प्रादर्श प्रदर्शनी का आयोजन

रामगढ़, 19 फरवरी (हि.स.)। जिले के गोला प्रखंड परिसर में शुक्रवार को कृषि मेला सह प्रादर्श प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक ममता देवी ने किया। मौके पर जेएसएलपीएस की महिला समूह की महिलाओं ने स्वागत गान गाकर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान किसानों तथा अन्य लोगों को संबोधित करते हुए ममता देवी ने कहा कि इस तरह के आयोजन के माध्यम से किसानों को कृषि, पशुपालन तथा कृषि यंत्रों के संबंध में काफी जानकारी मिलती है। इस दौरान उन्होंने सभी किसानों से कृषि मेला का लाभ लेने की अपील की। इसके साथ ही विधायक ने किसानों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस बार प्रखंडों में सरकार से प्राप्त बीज, खाद्य एवं दवा का वितरण ससमय किया गया। यह सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को सभी तरह की सुविधाएं समय से उपलब्ध हो। इसके साथ ही सरकार ने किसानों की तकलीफ को समझते हुए कृषि ऋण माफी की भी घोषणा कर दी है। इसके माध्यम से लाखों किसानों को योजना का लाभ मिलेगा। संबोधन के उपरांत विधायक ने फीता काटकर कृषि मेला में लगाए गए प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने दुलमी एवं गोला प्रखंड के अलग-अलग क्षेत्रों से अपनी फसलों को लेकर आए किसानों से कृषि के संबंध में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। किसानों को संबोधित करते हुए परियोजना निदेशक आत्मा चंद्रमौली सिंह द्वारा किसान मेला के आयोजन के उद्देश्य के संबंध में प्रकाश डाला गया। इस दौरान उन्होंने किसानों को कृषि ऋण माफी योजना के संबंध में विस्तार से बताया। जिसके उपरांत प्रखंड विकास पदाधिकारी गोला द्वारा किसानों को उन्नत कृषि करने हेतु धन्यवाद दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी देखने से पता चलता है कि गोला एवं दुलमी के किसान काफी जागरूक है और तकनीक का इस्तेमाल करते हुए कृषि कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान बेहतरीन प्रदर्शनी लगाने के लिए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले किसानों के बीच स्प्रेयर मशीन, स्प्रेयर झरना, खुरपी का वितरण किया गया। मेला में शामिल हुए 70 किसानों के बीच भी कृषि यंत्र बांटा गया। इसके साथ ही शेष किसानों के बीच सांत्वना पुरस्कार का वितरण किया गया। हिन्दुस्थान समाचार/ अमितेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in