75-farmers-honored-by-award
75-farmers-honored-by-award

75 किसानों को पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित

-10 किसानों को दिया गया केसीसी एवं डेयरी ऋण रांची, 21 जनवरी (हि.स.)। रांची के चान्हो प्रखंड परिसर में किसान संगोष्ठी सह उद्यान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यालय जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा के सौजन्य से आयोजित किसान संगोष्ठी सह उद्यान प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि के तौर पर मांडर विधायक बंधु तिर्की एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपायुक्त छवि रंजन मौजूद रहे। साथ ही जिला कृषि पदाधिकारी रांची, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं चान्हो प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक बंधु तिर्की और विशिष्ट अतिथि उपायुक्त छवि रंजन को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। किसान संगोष्ठी सह उद्यान प्रदर्शनी का उद्घाटन संयुक्त रूप से विधायक बंधु तिर्की और उपायुक्त छवि रंजन द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को नई तकनीक की जानकारी देना तथा उद्यान प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों द्वारा लाए गए उत्कृष्ट उत्पाद के आलोक में पुरस्कृत किया जाना था। उद्यान प्रदर्शनी में चान्हो प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से किसानों द्वारा विभिन्न प्रकार की सब्जियां प्रदर्शनी में लाई गई थी। किसानों का हौसला अफजाई करते हुए एक फसल में तीन पुरस्कार दिए गए। कुल 75 किसानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप उन्हे सर्टिफिकेट का वितरण मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा किया गया। प्रथम पुरस्कार में कुदाल, द्वितीय पुरस्कार में छोटा कुदाल एवं प्रथम पुरस्कार के रुप में खुरपी दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक बंधु तिर्की और विशिष्ट अतिथि उपायुक्त छवि रंजन के द्वारा 10 किसानों को केसीसी ऋण एवं डेयरी ऋण दिया गया। इसके अतिरिक्त लाभुकों के बीच पंप सेट का भी वितरण किया गया। विभाग द्वारा संचालित टीआरएफए योजना के तहत मूंग दाल बीज का वितरण भी किया गया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मोटे अनाज के रूप में मक्का बीज का वितरण भी किसानों के बीच किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों के बीच सॉइल हेल्थ कार्ड का भी वितरण किया गया। उद्यान विभाग के तरफ से मधु उत्पादक किसानों को हनी एक्सट्रैक्टर और बक्से का वितरण किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त ने उद्यान प्रदर्शनी का अवलोकन किया । हिन्दुस्थान समाचार /वंदना-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in