जम्मू-कश्मीर में 27 फरवरी तक मौसम रहेगा खराब, बारिश तथा बर्फबारी की संभावना
जम्मू, 22 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के मौसम में एक बार फिर बदलाव आ रहा है। जम्मू में सोमवार सुबह से ही बादलों तथा सूर्य के बीच अठखेलियां चल रही हैं। इस दौरान सर्द हवाओं का दौर भी जारी है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार यह सिलसिला 27 फरवरी तक जारी रहेगा तथा इस दौरान जम्मू संभाग में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश तथा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं दूसरी तरफ कश्मीर घाटी में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के अनुसार जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का दबाव बनने लगा है। सोमवार को बादल छाए रहने के कारण कई स्थानों पर बारिश तथा बर्फबारी हो सकती है। बारिश तथा बर्फबारी के बाद तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रात को आसमान में बादल छाने के कारण न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 75 से अधिक दिनों के बाद पहली बार पहलगाम और गुलमर्ग में हिमपात के साथ न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई। श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान बढ़कर दो महीने के बाद पहली बार 5.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पहलगाम में न्यूनतम मापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग में 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह शहर में शून्य से नीचे 2.3, कारगिल में शून्य से नीचे 8.4 और द्रास में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 14.5, कटरा 14, बटोत 9.9, बनिहाल 6.8 और भद्रवाह 6.6 दर्ज किया गया। हिन्दुस्थान समाचार/सुमन/बलवान