the-huge-city-kirtan-came-out-on-the-occasion-of-the-festival-of-light-of-guru-govind-singh-ji
the-huge-city-kirtan-came-out-on-the-occasion-of-the-festival-of-light-of-guru-govind-singh-ji

गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष पर निकला विशाल नगर कीर्तन

मीरा साहिब, 24 जनवरी (हि.स.)। सिख पंथ के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य पर सिख नौजवान सभा सिंबल कैंप की तरफ से रविवार को विशाल नगर कीर्तन निकाला गया जो सिंबल कैंप के वार्ड नंबर 4 से शुरू हुआ और लिंक रोड, टाली मोड, मीरा साहिब, बृज नगर से होते हुए इंदिरा नगर स्थित गुरुद्वारा में संपन्न हुआ। इस दौरान हर तरफ बोले सो निहाल की गूंज सुनाई दी। नगर कीर्तन की अगुवाई गुरु जी के पांच प्यारे कर रहे थे जबकि उनके पीछे फूलों से सजी गुरु जी की पालकी चल रही थी जो नगर कीर्तन की शोभा बढ़ा रही थी। यहां पर लोगों ने माथा टेका और गुरु जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। नगर कीर्तन में शामिल संगत का स्वागत करने के लिए जगह-जगह पर खाने-पीने के स्टाल भी लगाए गए थे। नगर कीर्तन में शामिल रागी जत्थे द्वारा वाणी के माध्यम से गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का गुणगान किया गया तथा हजारों की संख्या में नगर कीर्तन में शामिल संगत से अपील की कि वह गुरु जी द्वारा दिखाए मार्ग पर चलकर हमेशा लोगों की सेवा करें। वहीं नगर कीर्तन में शामिल गतका पार्टी के सदस्यों द्वारा कई हैरान करने वाले करतब दिखाए गए। नगर कीर्तन में इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की गतका पार्टी भी शामिल हुई जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। इस मौके पर सिख नौजवान सभा सिंबल कैंप के सदस्यों ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य पर सिख नौजवान सभा सिंबल कैंप की तरफ से हर साल विशाल नगर कीर्तन निकाला जाता है जिसमें हजारों की संख्या में संगत शामिल होकर गुरु गोविंद सिंह जी का गुणगान करती है। वहीं महंत मनजीत सिंह भी नगर कीर्तन में मुख्य तौर पर शामिल हुए। वहीं पूर्व मंत्री रमन भल्ला, बीडीसी चेयरमैन दिलीप कुमार, भारतीय जनता पार्टी के नेता एडवोकेट देवराज शर्मा, सिख यूनिटी फोरम के राज्य महासचिव बलबीर सिंह अजी, युवा कांग्रेस नेता सरदार खुशवंत सिंह, प्रदेश कांग्रेस सचिव पंडित पवन रैना, पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह नत्थू, सरपंच रविंद्र सिंह, सरपंच राजा सिंह, सरपंच रमेश कुमार मेशी सहित आदि लोगों ने भी नगर कीर्तन में शामिल होकर मौजूद संगत को गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाशोत्सव की मुबारकबाद दी तथा नगर कीर्तन में शामिल गुरुजी के पांच प्यारों को सरोपा भेंट करके सम्मान दिया। नगर कीर्तन में आपसी भाईचारे की भी मिसाल देखने को मिली क्योंकि नगर कीर्तन में हर धर्म के लोग शामिल हुए। हिन्दुस्थान समाचार/अमरीक/बलवान-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in