farmers-blocked-the-national-highway-on-the-call-of-bharat-bandh
farmers-blocked-the-national-highway-on-the-call-of-bharat-bandh

भारत बंद के आह्वान पर किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध कर किया प्रदर्शन

कठुआ, 26 मार्च (हि.स.)। किसान आंदोलन के आज चार महीने पूरे हो गए हैं, किसानों ने शुक्रवार को भारत बंद का ऐलान किया है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने लखनपुर बॉर्डर को बंद कर दिया है यानि न कोई प्रदेश की ओर आ सकता है और न ही कोई प्रदेश से बाहर जा सकता है। लखनपुर से सटे पंजाब के माधोपुर में किसान बीच सड़क में बैठकर प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके कारण लखनपुर बॉर्डर बंद होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों द्वारा भारत बंद के आह्वान पर जम्मू कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर से सटे पंजाब के माधोपुर में किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध कर धरना प्रदर्शन किया। जिसमें किसानों ने सुबह 6 बजे से ही माधोपुर के समीप रवि पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। वहीं भारत बंद के चलते जम्मू कश्मीर में बाहरी राज्यों से आने वाले किसी भी वाहन को जम्मू-कश्मीर में नहीं आने दिया गया, वहीं दूसरी ओर जम्मू कश्मीर से बाहरी राज्य की ओर जाने वाले वाहनों को भी रोक दिया गया। वही माधोपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध की खबर सुनते ही कठुआ पुलिस ने कठुआ के कालीबड़ी, हटली मोड़ और लखनपुर में नाके लगाकर प्रदेश से बाहर जाने वाले लोगों को लखनपुर की ओर जाने से रोक दिया। उन्हें 6 बजे के बाद प्रदेश के बाहर जाने की सलाह दी गई। भारत बंद का आह्वान सुबह 12 घंटे का था, जिसमें सुबह 6 बजे से लेकर शाम को 6 बजे तक तमाम राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध करके किसानों ने धरना प्रदर्शन किए। इस बंद के चलते आम जनमानस को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा। राजकुमार नामक एक व्यक्ति जोकि लखनपुर के रास्ते पंजाब में जा रहा था, उसे भी लखनपुर में ही रूकना पड़ा। उन्होंने बताया कि आज अमृतसर में उनका स्वास्थ्य चेकअप था, लेकिन माधोपुर में किसानों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग बंद करने के चलते उन्हें भी लखनपुर में ही रुकना पड़ा। वहीं दूसरी और बाहरी प्रदेश से बाहर जाने वाले ट्रक भी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कतार में खड़े रहे और शाम 6 बजे का इंतजार करने लगे। भारत बंद के चलते लखनपुर से लेकर कठुआ सहार पुल तक ट्रक लंबी कतारों में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़े रहे और शाम को 6 बजे हड़ताल खत्म होने का इंतजार करने लगे। हिन्दुस्थान/समाचार/सचिन/बलवान

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in