हिमाचल के किसानों व अन्य वर्गों ने नकारा भारत बंद : विपिन नेहरिया
हिमाचल के किसानों व अन्य वर्गों ने नकारा भारत बंद : विपिन नेहरिया

हिमाचल के किसानों व अन्य वर्गों ने नकारा भारत बंद : विपिन नेहरिया

धर्मशाला, 08 दिसम्बर (हि.स.)। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी जनजाति मोर्चा के उपाध्यक्ष विपिन नेहरिया ने कहा कि कांग्रेस द्वारा किसानों को गुमराह करने के लिए मंगलवार को भारत बंद का जो आह्वान किया था उसे हिमाचल के सभी किसानों, व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों सहित तमाम जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है। यहां जारी प्रेस बयान में नेहरिया ने कहा कि प्रदेश सहित जिला कांगड़ा में भारत बंद का कोई असर नही रहा जिससे स्पष्ट हो गया है कि मोदी सरकार द्वारा किसानों व अन्य वर्गों के लिए लागू की गई नीतियां पूरी तरह से कारगर साबित हुई हैं। भाजपा नेता ने कहा कि भारत बंद के बीच पहाड़ी प्रदेश में मंगलवार को पहले की तरह सामान्य व्यवस्थाएं चलती रहीं। नेहरिया ने कहा कि हिमाचल का किसान समझदार है और वह कांग्रेस द्वारा जनता को झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने की योजना को भलीभांति समझता है। यही वजह है कि आज कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन करने की जो कोशिश की वह भी पूरी तरह से नाकाम रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के किसी भी विरोध प्रदर्शन में एक दर्जन से ज्यादा लोग नहीं जुड़ पाए, इससे स्पष्ट हो गया है कि पहाड़ का किसान पूरी तरह से जागरूक है और वह कांग्रेस के झांसे में आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महज वोटों की राजनीति के लिए किसानों का समर्थन कर रही है। अगर सही मायने में वह किसानों के हितों के बारे में सोचती तो आज भारत का किसान ऐसी स्थिति में नही होता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हित में कई तरह के कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत एक साल में छह हजार रूपए सीधे किसानों के बैंक खाते में डाले जा रहे हैं। किसानों की आय को 2022 तक दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों के प्रति मोदी सरकार के निर्णय उनके हित में हैं। यही वजह है कि भारत बंद को दरकिनार कर किसान अपने खेत खलिहान में ही डटे रहे। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in