yellow-alert-storm-hail-and-lightning-warning-in-10-districts-of-himachal
yellow-alert-storm-hail-and-lightning-warning-in-10-districts-of-himachal

हिमाचल के 10 जिलों में येलो अलर्ट, अंधड़, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी

शिमला, 21 फरवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम के खराब रहने से लोगों को तेज़ शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने 23 से 25 फरवरी तक राज्य में खराब मौसम का येलो अलर्ट जारी किया है। 27 फरवरी तक राज्य के अलग-अलग जिलों में बारिश व बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य 10 जिलों में बिजली कड़कने के साथ ओले पड़ सकते हैं। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात होने की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने रविवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले छह-सात दिन राज्य में मौसम खराब रहेगा। मध्यपर्वतीय इलाकों शिमला, कुल्लू, चम्बा, सोलन, सिरमौर और मंडी में 23 से 25 फरवरी तक अंधड़ के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान है। ऐसे में इन इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह मैदानी क्षेत्रों हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और कांगड़ा में 24 व 25 फरवरी को येलो अलर्ट रहेगा। राज्य के अधितकतर भागों में 26 व 27 फरवरी को भी मौसम के मिजाज खराब रहेंगे। इस दौरान शिमला, मनाली और डलहौजी सहित ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फ गिरने के भी आसार हैं। उन्होंने कहा कि बारिश-बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आने से राज्य में ठंड का प्रकोप बढ़ जाएगा। इधर, राजधानी शिमला में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है और बर्फबारी से निपटने की तैयारियों में जुट गया है। शिमला में गत 4 फरवरी को हुई व्यापक बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। आधे शहर में बिजली आपूर्ति तीन दिन तक बाधित रहने से प्रशासन की खूब किरकिरी हूई थी। इस बीच रविवार को शिमला सहित राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहा, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घण्टों के दौरान राज्य में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति का मुख्यालय केलंग सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम तापमान -1.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में 1.6 डिग्री, मनाली में 2.1 डिग्री, शिमला में 8.5, सुंदरनगर में 7.5, भुंतर में 6.9, धर्मशाला में 9.2, ऊना में 8.7, नाहन में 11.4, पालमपुर में 8.5, सोलन में 6.4, कांगड़ा व बिलासपुर में 10, हमीरपुर में 9.8, चम्बा में 8.5 और डलहौजी में 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in