two-days-of-storm-and-hail-storm-warning-in-himachal-yellow-alert-of-meteorological-department
two-days-of-storm-and-hail-storm-warning-in-himachal-yellow-alert-of-meteorological-department

हिमाचल में दो दिन आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी, मौसम विभाग का येलो अलर्ट

02/04/2021 शिमला, 02 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते तापमान के बीच मौसम के तेवरों में बदलाव आएगा। मौसम विभाग के अनुसार पांच और छ अप्रैल को राज्य के कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से धूल भरी आंधी, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि का सामना करना पड़ सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। ये अलर्ट लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य 10 जिलों के लिए जारी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ तीन अप्रैल को सक्रिय होगा। इसके असर से प्रदेश में तीन से आठ अप्रैल तक मौसम खराब रहेगा। मैदानी क्षेत्रों में आठ अप्रैल से मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने बताया कि पांच व छ अप्रैल को मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश, ओलावृष्टि व आंधी (अचानक तेज हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा) चलने की संभावना है। इस दौरान हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, सोलन, शिमला, ऊना, सिरमौर व कांगड़ा सहित चम्बा और कुल्लू के निचले इलाकों में लोगों को सचेत रहने की आवश्यकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से प्रदेश के सेब बाहुल्य इलाकों में सेब की फसल पर फिर से संकट के बादल मंडराने लगे हैं। शिमला कुल्लू व मंडी जिला के ऊपरी क्षेत्रों में सेब की फसल में फूल खिलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, ऐसे में अगर ओलावृष्टि होती है तो सेब की फसल तबाह हो सकती है। इस बीच शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकांश स्थानों पर धूप खिली रही। इससे मैदानों में दिन के समय उमस महसूस की जा रही है। उधर, राज्य के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शिमला में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री, सुन्दनगर में 6.7, भुंतर में 7.9, धर्मशाला में 9.4, ऊना में 9, नाहन में 16.1, पालमपुर में 9.7 और कांगड़ा में 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in