हिमाचल में तीन दिन अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी, अलर्ट जारी

three-days-warning-of-hailstorm-and-hail-in-himachal-alert-issued
three-days-warning-of-hailstorm-and-hail-in-himachal-alert-issued

शिमला, 19 फरवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेगा। राज्य के मैदानी व मध्यवर्ती क्षेत्रों में अंधड़ व बिजली कड़कने के साथ जोरदार बारिश-ओलावृष्टि होगी। इसके अलावा पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने 21 से 23 फरवरी तक मौसम के खराब रहने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राज्य में मौसम करवट लेगा। उन्होंने कहा कि 21 से 23 फरवरी तक राज्य में बादलों के बरसने का अनुमान है। मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में तीन दिन अंधड़ व आसमानी बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह मैदानी इलाकों के लिए 23 फरवरी को अलर्ट रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिक उंचाई वाले इलाकों में 21 से 25 फरवरी तक बर्फबारी होने की उम्मीद है। मैदानी भागों में 24 व मध्यपर्वतीय स्थानों में 25 फरवरी को मौसम साफ हो जाएगा। मौसम में बदलाव आने से राज्य में शीतलहर के फिर तेज होने के आसार हैं। बीते एक सप्ताह से राज्य में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में तो दिन में हल्की तपिश महसूस की जा रही है। उना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि रात के तापमान में अभी भी गिरावट देखी जा रही है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति व किन्नौर का न्यूनतम पारा माइनस में बना हुआ है। लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलंग में बीती रात तापमान -6.6 डिग्री और किन्नौर के कल्पा में -0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा शिमला में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री, सुंदरनगर में 5.6 डिग्री, भुंतर में 4.5, धर्मशाला में 7.6, उना में 7.2, पालमपुर में 7.5, सोलन में 4.8, मनाली में 1.4, कांगड़ा में 8.7, मंडी में 5.1, हमीरपुर में 9.6, बिलासपुर में 10, चंबा में 6.3, डल्हौजी में 5.1 और कुफरी में 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in