solan-chief-minister-inaugurates-developmental-schemes-worth-29-crores
solan-chief-minister-inaugurates-developmental-schemes-worth-29-crores

सोलन : मुख्यमंत्री ने 29 करोड़ की विकासात्मक योजनाओं का लोकार्पण किया

सोलन, 28 फरवरी ( हि. स.) वर्तमान राज्य सरकार के, तीन वर्षों के कार्यकाल के दौरान दून विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं पर 203 करोड़ रुपये से अधिक राशि व्यय की गई है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र में रविवार को लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद ये बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के वर्तमान कार्यकाल में क्षेत्र में 240 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि पदभार ग्रहण करने के उपरान्त मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक में वृद्धावस्था पेंशन पाने की आयुसीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया गया और इसकी पात्रता के लिए कोई आयसीमा भी नहीं रखी गई। मंत्रिमंडल द्वारा यह निर्णय आम आदमी के कल्याण के लक्ष्य को मध्य नजर रखते हुए लिया गया। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल का दूसरा निर्णय राज्य में गौ- अभ्यारण्यों की स्थापना करना था, ताकि गायों को लावारिस न छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में गौ-सदन और गौ-अभ्यारण्यों के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए शराब की प्रत्येक बोतल पर दो रुपये का उपकर लगाने का भी निर्णय लिया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे राज्य के लगभग 2.50 लाख लोगों को सफलतापूर्वक घर वापिस लाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार के इस कदम का भी विरोध किया था और आरोप लगाया था कि इससे राज्य में कोरोना महामारी फैलेगी। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेसी नेता थे जो कि पहले राज्य सरकार पर फंसे हुए लोगों को वापिस लाने के लिए गंभीर नहीं होने का आरोप लगा रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में एक साल पहले केवल 50 वेंटिलेटर थे परन्तु आज राज्य में 600 से ज्यादा वेंटिलेटरस हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा विधानसभा में किए गए व्यवहार ने राज्य के लोगों को शर्मिदा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के साथ भी दुव्र्यवहार किया जिससे पता चलता है कि इन नेताओं का लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति कोई सम्मान नहीं है। हिन्दुस्थान समाचार / संदीप/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in