ramswaroop-sharma-was-a-dedicated-party-worker-jairam-thakur
ramswaroop-sharma-was-a-dedicated-party-worker-jairam-thakur

समर्पित पार्टी कार्यकर्ता थे रामस्वरूप शर्मा: जयराम ठाकुर

25/03/2021 मंडी, 25 मार्च (हि. स.)। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंडी के सांसद स्व. रामस्वरूप शर्मा को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सांसद सदस्य के कार्यकाल के दौरान रामस्वरूप शर्मा का प्रदेश और विशेषकर मंडी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के कल्याण के लिए विशेष योगदान रहा हैं जिसे लोग सदैव याद रखेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामस्वरूप शर्मा एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता थे। जिन्होंने पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए सदैव निष्ठा और प्रतिबद्धता से कार्य किया। उन्होंने कहा कि रामस्वरूप शर्मा का इस विधानसभा क्षेत्र के लोगों के साथ विशेष लगाव था और वह हमेशा लोगों के कल्याण के लिए चिन्तित रहते थे। रामस्वरूप शर्मा ने मंडी शहर के संतुलित और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने के लिए इस शहर को नगर निगम में स्तरोन्यन करने के लिए कड़े प्रयास किए थे। जय राम ठाकुर ने कहा कि यह रामस्वरूप शर्मा की छवि के कारण ही संभव हुआ है कि उन्होंने लोकसभा चुनावों में 4.05 लाख मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की, जो मंडी विधानसभा क्षेत्र के लिए भी अपने आप में एक कीर्तिमान है। रामस्वरूप शर्मा की मण्डी विधानसभा क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका थी उनकी कमी प्रदेश को हमेशा महसूस होती रहेगी। इस अवसर पर दिवंगत आत्मा के शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया। इससे पूर्व, मंडी में नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश सरकार का निर्णय है कि नगर निगम के चुनाव पार्टी चिन्ह पर होंगे। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक शहर का बेहतर विकास सुनिश्चित करने के लिए मंडी नगर निगम शहर के लोगों के लिए भाजपा का एक तोहफा है। उन्होंने कहा कि यह मण्डी शहर के लोगों के लिए एक बहुत बड़ा सम्मान है और आशा व्यक्त की कि मंडी नगर निगम के चुनावों में शहर के लोग भाजपा को भारी बहुमत से विजय बनाएगे। जय राम ठाकुर ने कहा कि यह भाजपा सरकार है जिसने प्रदेश में तीन नए नगर निगम मंडी, सोलन और पालमपुर का गठन किया। इससे इन शहरों का व्यवस्थित और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि यह सभी शहर पर्यटन की दृष्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण है और नगर निगम का दर्जा मिलने से इस क्षेत्र के लोगों और पर्यटकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित होंगी। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने दोंहदी और बेना में नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी बैठक को भी संबोधित किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने लोगों से नगर निगम के चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों को भरपूर सहयोग देने का आग्रह किया। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मंडी के लोग भाग्यशाली है कि इस जिले के धरती पुत्र मुख्यमंत्री के रूप में राज्य का नेतृत्व कर रहे हैं और यह मंडी के लोगों का दायित्व भी है कि वे मुख्यमंत्री को और अधिक मजबूत बनाने के लिए उन्हें अपना पूरा सहयोग प्रदान करें। हिन्दुस्थान समाचार/मुरारी/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in