oxygen-plant-to-be-set-up-in-una-hospital-by-july-end-satpat-satti
oxygen-plant-to-be-set-up-in-una-hospital-by-july-end-satpat-satti

जुलाई अंत तक ऊना अस्पताल में स्थापित होगा ऑक्सीजन प्लांट : सतपात सत्ती

ऊना, 24 जून (हि. स.)। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जुलाई अंत तक ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कर दिया जाएगा। यह जानकारी छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने देते हुए बताया कि अस्पताल में 1000 एलपीएम क्षमता वाले प्लांट की स्थापना के लिए निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिसके बाद डीआरडीओ प्लांट की मशीनरी इसमें स्थापित करेगा। सत्ती ने कहा कि दो-तीन दिन में क्षेत्रीय अस्पताल के अंदर तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू हो जाएगा। ऑक्सीजन प्लांट की मशीनरी स्थापित होने के बाद इसे पाइप लाइन के साथ जोड़ा जाएगा, जिससे अस्पताल में 200 बैड को निरंतर ऑक्सीजन की सप्लाई मिल पाएगी। आने वाले समय में पाइप के माध्यम से ऑक्सीजन की सप्लाई निर्माणाधीन मातृ-शिशु अस्पताल को भी दी जाएगी। छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट प्रदेश सरकार, केंद्र की सहायता से लगा रही है। पूरे हिमाचल प्रदेश में पीएम-केयर्स फंड से कुल छ ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से एक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में लगाया जा रहा है। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि इस प्लांट को शुरू करने के लिए 29 लाख रुपए की लागत से जनरेटर तथा आठ लाख रुपए की लागत से ट्रांसफॉर्मर भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/उज्जवल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in