nearly-65-percent-voting-in-himachal39s-4-municipal-corporations-highest-votes-cast-in-mandi
nearly-65-percent-voting-in-himachal39s-4-municipal-corporations-highest-votes-cast-in-mandi

हिमाचल के 4 नगर निगमों में करीब 65 फीसदी मतदान, मंडी में पड़े सर्वाधिक वोट

07/04/2021 शिमला, 07 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों धर्मशाला, मंडी, सोलन और पालमपुर में हुए नगर निगम चुनाव के लिए बुधवार को 65 फीसदी के करीब मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक मंडी में सर्वाधिक 70% मतदान हुआ है। जबकि पालमपुर में 69%, धर्मशाला में 60% और सोलन में 58% मतदान हुआ। नगर निगम चुनाव में 69 कोरोना संक्रमितों ने भी वोट डाले। सुबह 10 बजे तक चारों ही शहरों में मतदान की प्रक्रिया कुछ धीमी रही और महज 13 फीसदी वोटिंग हुई। जबकि दोपहर 12 बजे तक 29 फीसदी मतदान रिकार्ड हुआ था। दिन चढ़ने के साथ भी मतदान में तेजी आ गई तथा मतदाता मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों में खड़े अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने पालमपुर नगर निगम में मतदान किया। इसी तरह पूर्व मंत्री व विधायक अनिल शर्मा ने मंडी में अपना वोट डाला। मतदान के आखिरी घण्टे में अपराह्न 4 बजे से 5 बजे तक कोरोना संक्रमित मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसके बाद मतगणना शुरू हुई, देर शाम तक चुनावी नतीजे घोषित होंगे। चारों नगर निगमों के 142 वार्डो में 275 से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्हों पर हो रहे हैं। इन चुनावों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। भाजपा ने जहां अपने वरिष्ठ मंत्रियों व तेजतर्रार नेताओं को चुनाव में जीत का जिम्मा सौंपा है, वहीं कांग्रेस में भी अनुभवी नेताओं पर जीत का सारा दारोमदार है। भाजपा की तरफ से महेन्द्र सिंह, राकेश पठानिया, बिक्रम सिंह और राजीव बिंदल चुनाव प्रभारी हैं, तो कांग्रेस में यह जिम्मा कौल सिंह, जीएस बाली, सुखविंद्र सुक्खू और राजेंद्र राणा सम्भाल रहे हैं। हालांकि इन चुनावों में बागी व निर्दलीय दोनों दलों की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in