municipal-corporation-election-bjp-releases-public-welfare-resolution-letter-congress-issues-commitment-letter
municipal-corporation-election-bjp-releases-public-welfare-resolution-letter-congress-issues-commitment-letter

नगर निगम चुनाव: भाजपा ने लोक कल्याण संकल्प पत्र तो कांग्रेस ने जारी किया वचनबद्धता पत्र

मंड़ी, 02 अप्रैल (हि. स.)। प्रदेश के ऐतिहासिक शहर मंडी नगर के पहले नगर निगम के चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने घोषणा पत्र जारी कर दिए हैं। भाजपा का घोषणा पत्र लोक कल्याण संकल्प पत्र है जिसे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से जारी किया गया। जबकि कांग्रेस ने वचनबद्धता पत्र के माध्यम से नारा दिया है कि सपने नहीं दिखाएंगे -हकीकत में बदलाव लाएंगे। वहीं भाजपा है तो भरोसा है की टैग लाइन के साथ जारी भाजपा के घोषणा पत्र में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का गुणगान किया गया है। दोनों ही दलों की ओर से मंडी शहर में अब तक हुए विकास कार्यो का श्रेय लेने की कोशिश की गई है। जिसमें भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान मंडी में हुए विकास कार्यों को अपने खोते में डालने की भरपूर कोशिश दोनों ही दलों द्वारा की गई है। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में 82 करोड़ की लागत से बनी ऊहल नदी से मंडी शहर पेयजल संवर्धन योजना के लोकार्पण करने की बात कही है। वहीं पर कांग्रेस ने इस परियोजना की मंजूरी से लेकर इसके लिए बजट के प्रावधान का दावा करते हुए भाजपा के दावे को झूठलाया है। वहीं पर विक्टोरिया ब्रिज के पास 21 करोड़ की लागत से बने नए पुल को लोगों को समर्पित करने की बात अपने घोषणा पत्र में कही है। इसके अलावा भीमा काली मंदिर के पास एशियन बैंक के सहयोग से बनी बहुमंजिला पार्किंग, मंडी अग्रि शमन भवन, पर्यटन विभाग के कार्यालय, मांडव नेचर पार्क साढ़े पांच करोड़ रूपए की लागत से विजय सिनियर सैकेंडरी स्कूल मंडी के जीर्णांद्धार, मंडी शहर की सडक़ों पर दो करोड़ रूपए खर्च करने आदि का दावा किया है। वहीं पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने भाजपा के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस ने मंडी को सेंटर जोन बनाने के अलावा डिविजनल कमिशनर आफिस, डीआईजी आफिस, मुख्यअभियंता लोनिवि, आईपीएच और बिजली बोर्ड के कार्यालय के अलावा मुख्यअरण्यपाल, उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय मंडी में खोले हैं। वहीं पर 85 करोड़ की लागत से बनी ऊहल पेयजल योजना , विक्टोरिया ब्रिज के पास 25 करोड़ की लागत से नया पुल, भीमाकाली मंदिर भ्यूली के पास बहुमङ्क्षजला पार्किंग, पांच करोड़ की लागत से मांडव नेचर पार्क ढांगसी, फॉरेंसिक उप निदेशक कार्यालय विजय हाई स्कूल का जीर्णोंद्धार आदि कार्य कांग्रेस की देन हैं। जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इनमें से कुछ योजनाओं के उदघाटन किया है। मगर भाजपा अब झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार से समझौता कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लॉकडाउन के दौरान मास्क और सेनेटाईजर की खरीद में स्वास्थ्य विभाग में घोटाला हुआ है तो जलशक्ति विभाग में पाइपों की खरीद का घोटाला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य परिवहन प्राधिकरण के तहत जीएस फोर कार की रजिस्ट्रेशन शिमला में हुई है। जबकि अदालत ने इस पर रोक लगा रखी है। हिन्दुस्थान समाचार/मुरारी/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in