jai-ram-thakur-launches-e-transport-system-of-transport-department
jai-ram-thakur-launches-e-transport-system-of-transport-department

जय राम ठाकुर ने परिवहन विभाग की ई-परिवहन व्यवस्था का शुभारम्भ किया

शिमला, 25 फरवरी (हि. स.)। प्रदेश के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस/पंजीकरण प्रमाण-पत्र एवं परमिट आदि की फेसलेस सुविधा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने गुरुवार को यहां राज्य परिवहन विभाग की ई-परिवहन व्यवस्था का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों से तकनीक ने हमारे जीवन को परिवर्तित किया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी तकनीकी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए वर्ष 2014 में डिजिटल इंडिया की परिकल्पना की थी। कोविड महामारी के दौरान तकनीक के उपयोग के कारण आवश्यक सेवाएं बिना किसी बाधा के सुनिश्चित हुई हैं। व्यापार में सुगमता में हिमाचल प्रदेश 16वें स्थान से सातवें स्थान पर पहुंच गया है जिसका पूरा श्रेय प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों को जाता है। प्रदेश सरकार ने पहले ई-विधानसभा, उसके उपरांत ई-बजट और अब ई-केबिनेट की शुरूआत की है। ई-परिवहन भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने प्रदेश की बागडोर संभालते ही जन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनमंच कार्यक्रम आरम्भ किया। प्रदेश सरकार ने दूरभाष के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1100 शुरू की है। सरकार ने कोविड महामारी के दौरान प्रदेश के बाहरी राज्यों में फंसे लगभग 2.50 लाख लोगों की सुरक्षित प्रदेश वापसी सुनिश्चित बनाने के लिए भी तकनीक का उपयोग कर हेल्पलाइन विकसित की, जिससे वे प्रदेश सरकार द्वारा नियुक्त किए गए नोडल अधिकारियों से आसानी से सम्पर्क कर पाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को बेहतरीन सेवाएं प्रदान करने में ई-परिवहन सुविधा महत्वपूर्ण साबित हुई है। लोगों को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए जागरुक करने पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। इस प्रणाली की सफलता लोगों द्वारा इस सुविधा को सुगमता से अपनाने पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के माध्यम से लोगों को विभिन्न नागरिक केंद्रित सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/उज्वल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in