international-shivratri-to-be-held-in-swarnim-cm-jai-ram-thakur-to-inaugurate-on-march-12
international-shivratri-to-be-held-in-swarnim-cm-jai-ram-thakur-to-inaugurate-on-march-12

स्वर्णिम होगी मंडी की अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि, सीएम जय राम ठाकुर 12 मार्च को करेंगे शुभारंभ

मंडी, 06 मार्च (हि. स.)। इस बार मंडी का अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष धूमधाम से मनाया जाएगा। राज्य सरकार ने प्रदेश में स्वर्णिम हिमाचल की थीम के साथ वर्षभर विविध कार्यक्रम करने का निर्णय लिया है। मंडी का शिवरात्रि महोत्सव भी इसी रंग से सराबोर दिखेगा। 12 से 18 मार्च तक मनाए जाने वाले इस महोत्सव का शुभारम्भ मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर करेंगे। वे 12 मार्च को प्रथम जलेब की अगवानी करेंगे। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने शनिवार को कहा कि मध्य जलेब 15 मार्च को निकाली जाएगी, जिसमें जलशक्ति मंत्री महेद्र सिंह ठाकुर भाग लेंगे। तीसरी और अन्तिम जलेब में 18 मार्च को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय शामिल होंगे। ‘पहली जलेब में पारंपरिक परिधानों में आएं लोग’ ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि इस बार जलेब को अधिक आकर्षक बनाने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने महोत्सव की पहली जलेब में लोगों से अपनी परंपरागत परिधानों में आने का आह्वान किया। उन्होंने आग्रह किया कि लोग अपने-अपने क्षेत्र की पुरातन संस्कृति के अनुरूप पहनावे में जलेब में शामिल हों, जिससे जलेब हिमाचली संस्कृति के विविध रंगों से सजी दिखे। उपायुक्त ने कहा कि राज देवता माधो राय मंदिर प्रांगण में करवाए जाने वाले शिवरात्रि हवन में भी जनभागीदारी बढ़ाने और इसे बड़े स्तर पर आयोजित करने का प्रयास है। उन्होंने मंडी वासियों से 11 मार्च को प्रातः 8 बजे मंदिर प्रांगण में पधार कर शिवरात्रि हवन में शामिल होने का आग्रह किया है। उपायुक्त ने कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी 216 पंजीकृत देवी देवताओं को महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि महोत्सव में इस बार इंदिरा मार्केट की छत पर अतीत को जीवंत बनाती ‘री-लिव दी पास्ट’ नाम से एक बड़ी प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है। यह मेले का एक बड़ा आकर्षण होगी। इसमें पहाड़ी जीवन शैली, मंडी की पुरातन कला, संस्कृति, इतिहास की स्वर्णिम आभा दिखाने व उसे जीवंत बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा पड्डल में लगने वाली विभागीय प्रदर्शनी में हिमाचल की 50 साल की स्वर्णिम विकास यात्रा को इंफो ग्रैफिक्स और अन्य तरीकों से प्रदर्शित करने की व्यवस्था की जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि 12 मार्च को प्रसिद्ध हिमाचली गायक सुनील मस्ती और ए.सी.भारद्वाज अपनी गायिकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। 13 को हिमाचल के कुमार साहिल अपनी प्रस्तुति देंगे, वहीं पंजाबी स्टार गायक गुरूनाम भुल्लर अपनी गायिकी से धमाल मचाएंगे। 14 को अनुज शर्मा और नाटी किंग कुलदीप शर्मा, 15 को अर्शप्रीत कौर और पहाड़ी गायक नरेंद्र ठाकुर, 16 को इंद्रजीत और इंडियन आइडल फेम अंकुश भारद्वाज अपनी प्रस्तुति देंगे। 17 मार्च को अनाथ व विशेष बच्चों के साथ फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 17 को पंजाबी स्टार सिंगर मिलिंद गाबा अपनी गायकी का जादू बिखेरेंगे। ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चुनौती अभी भी बरकरार है। यह पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी है कि महोत्सव पर इसकी छाया न पड़े। इसलिए बचाव के लिए सभी जरूरी सावधनियां बरतना व सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/उज्जवल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in