himachal-cid-traces-531-missing-in-special-operation-in-corona-period
himachal-cid-traces-531-missing-in-special-operation-in-corona-period

हिमाचल : कोरोना काल में सीआईडी ने विशेष अभियान में ढूंढ निकाले 531 लापता 

शिमला, 05 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पुलिस और राज्य सीआईडी ने कोरोना काल में चलाए एक विशेष अभियान के दौरान प्रदेश के 531 लापता लोगों को ढूंढ निकाला है। यह जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को विधानसभा में एक विशेष वक्तव्य के माध्यम से कही। मुख्यमंत्री ने बताया कि विशेष अभियन के दौरान ढूंढे गए इन लोगों नें 317 महिलाएं, 158 पुरूष और 56 बच्चे शामिल हैं। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस जिला बंदी में सबसे अधिक 97, शिमला जिले में 90, कांगड़ा जिले में 78 और मंडी में 55 व्यक्तियों का पता लगाया गया है। उन्होंने कहा कि लापता व्यक्तियों को खोजने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभिन्न स्तरों पर खोज दल गठित किए गए। इन दलों ने आश्रय गृहों, प्लेटफार्मों, बस अड्डों और धार्मिक स्थलों में स्क्रीनिंग की, जिसमें यह सफलता मिली। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य में बीते 10 वर्षों में 16914 लोग प्रदेश में लापता हुए, जिनमें से 15154 लोगों का पता लगाया जा चुका है। शेष 1670 लोग अभी भी लापता हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस द्वारा तलाश किए गए व्यक्तियों का कुल प्रतिशत 89.6 है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों को लापता होने का मुख्य कारण घरेलू हिंसा की वजह से स्त्रियों का स्वेच्छा से घर छोड़ना, बच्चों का घर से तंग आकर भाग जाना, पढ़ाई में असफल रहने पर बेइज्जती के डर से घर से भाग जाना, बेरोजगारी और आर्थिक तंगी के कारण घर छोड़ देना, मानव तस्करी के कारण बच्चों का गुम होना, प्रेम प्रसंग के मामलों में घर से भाग जाना और सोशल मीडिया के प्रचलन के चलते बड़े सपनों की तलाश में घर से भागना शामिल है। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in