congress-embarrassed-himachal-pradesh-legislative-assembly-trilok-kapoor
congress-embarrassed-himachal-pradesh-legislative-assembly-trilok-kapoor

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा को किया शर्मसार : त्रिलोक कपूर

धर्मशाला, 26 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश भाजपा के महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि शुक्रवार को विधानसभा में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के अभिभाषण के बीच में कांग्रेस के नेताओं द्वारा किए गए व्यवहार ने विधानसभा की गरिमा कोठेस पंहुचाई है। उन्होंने कहा कि अभिभाषण के बीच कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई टिप्पणी अशोभनीय है, ऐसा इतिहास में पहली बार हुआ है। शुक्रवार को यहां जारी एक प्रेस बयान में भाजपा नेता ने कहा कि उसके बाद जब राज्यपाल विधानसभा से राजभवन की ओर जा रहे थे तो उनकी गाड़ी को कांग्रेस के विधानसभा सदस्यों द्वारा जिस प्रकार से रोका गया है वह निंदनीय है। महामहिम राज्यपाल के एडीसी के साथ भी जिस प्रकार से धक्का-मुक्की हुई वह अशोभनीय है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा को शर्मसार कर दिया है, इस घटनाक्रम से यह पूरी तरह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में पूरी तरह से बौखला गई है। जिस प्रकार से कांग्रेस को लोकसभा चुनाव, हिमाचल प्रदेश के उपचुनाव एवं उसके उपरांत पंचायती राज चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा है, उससे कांग्रेस को पता चल गया है कि धरातल पर कांग्रेस का कार्यकर्ता और कांग्रेस का वोट बैंक उनके हाथ से निकलता चला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यवहार पर कांग्रेस के सभी नेताओं पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास हिमाचल प्रदेश में जयराम ठाकुर सरकार के खिलाफ एक भी मुद्दा नहीं है, ना कांग्रेस के पास कोई नेता है ना नीति है। कांग्रेस इस प्रकार का शर्मसार व्यवहार कर केवल अपने आप को मीडिया में जिंदा रखना चाहती है। कांग्रेस के सभी नेताओं को इस प्रकार के व्यवहार के लिए सार्वजनिक माफी भी मांगनी चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/उज्जवल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in