budget-of-2021-22-passed-by-voice-vote-in-himachal-assembly
budget-of-2021-22-passed-by-voice-vote-in-himachal-assembly

हिमाचल विधानसभा में 2021-22 का बजट ध्वनिमत से पारित

शिमला, 20 मार्च (हि. स.)। हिमाचल विधान सभा ने शनिवार को माली साल 2021-22 के बजट को ध्वनिमत से पारित किया। बजट पारित होने के बाद सरकार को प्रदेश की संचित निधि से 53 हजार 484 करोड़ 78 लाख से अधिक की रकम खर्च करने का अधिकार मिल गया है। बजट पारित होने से पहले विधान सभा अध्यक्ष विपिन परमार ने ठीक तीन बजे सदन में गिलोटिन लागू किया। गिलोटिन लागू होने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विनियोग विधेयक को सदन में प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने विनियोग विधेयक को पारण हेतु भी सदन में प्रस्तुत किया। इसके बाद विधेयक को ध्वनिमत से पारित किया गया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बीते छ मार्च को प्रदेश विधान सभा में वित्तीय वर्ष 2021-22 का बजट प्रस्तुत किया था। बजट पर विपक्ष के कटौती प्रस्तावों पर आठ मार्च से चर्चा हुई। शनिवार को भी स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी मांग पर सदन में विपक्ष के कटौती प्रस्तावों पर चर्चा हुई। विपक्ष के तमाम कटौती प्रस्ताव ध्वनिमत से सदन में गिर गए । विनियोग विधेयक के पारित होने से सरकार पहली अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2022 तक खजाने से 53 हजार 484 करोड़ 77 लाख 71 हजार की रकम खर्च कर सकेगी। विनियोग विधेयक में 41 हजार 726 करोड़ 68 लाख 9 हजार राजस्व तथा 11 हजार 758 करोड़ 70 लाख 82 हजार पूंजीगत व्यय होगा। विनियोग विधेयक में विधान सभा, राज्यपाल व मंत्री परिषद, न्याय प्रशासन , सामान्य प्रशासन , जिला प्रशासन, भू राजस्व . पुलिस , शिक्षा, आबकारी एवं कराधान , स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण , कृषि , बागवानी, सिंचाई एवं जलापूर्ति सहित तमाम विभागों के राजस्व व पूंजीगत खर्चों का अलग अलग ब्योरा मुख्यमंत्री ने सदन में प्रस्तुत किया। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/उज्जवल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in