bjp-will-give-a-befitting-reply-on-social-media-to-the-opposition39s-propaganda-vinod-thakur
bjp-will-give-a-befitting-reply-on-social-media-to-the-opposition39s-propaganda-vinod-thakur

विपक्ष के दुष्प्रचार का सोशल मीडिया पर मुंहतोड़ जवाब देगी भाजपा : विनोद ठाकुर

शिमला, 28 मई (हि.स.)। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने कहा कि विपक्षी दलों की ओर से सोशल मीडिया के जरिए जनता में प्रदेश सरकार और भाजपा के खिलाफ किए जा रहे दुष्प्रचार का हर मोर्चे पर डटकर मुकाबला किया जाएगा। देश में बढ़ रही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मनमानी को भी नकेला जाएगा। कई मौकों पर इनकी मनमानी और दोहरी नीतियों का पर्दाफाश हो चुका है। पार्टी का हर नेता और कार्यकर्ता दृढ़ता के साथ लोगों के हकों की रक्षा में बाधक बन रहे विपक्षी दलों के इन हथकंडों का उसी की भाषा में जवाब में देगा। विनोद ठाकुर ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति की आजादी का जरिया है, लेकिन जनता के बीच आधार खो चुके विपक्षी दल इसे स्तरहीन राजनीति और दुष्प्रचार का माध्यम बना रहे हैं। प्रदेश की जयराम सरकार और भाजपा के खिलाफ फर्जी तरीके से जो दुष्प्रचार का खेल विपक्ष खेल रहा है, उसके खिलाफ विशेष रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार हर वर्ग के लाभार्थ जनहितैषी नीतियां बना रही है, लेकिन विपक्ष गैर-जिम्मेदाराना रवैये के साथ तोड़-मरोड कर तथ्य पेशकर जनता में भ्रम की स्थिति पैदा करने में जुटा हुआ है। इन योजनाओं के प्रति लोगों में नकारात्मक संदेश पहुंचाया जा रहा है। इससे लोगों के हकों पर प्रहार हो रहा है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया है। भाजपा विपक्ष के इन मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी और कानूनी तरीके से उसके इस दुष्प्रचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई छेड़ी जाएगी। विनोद ठाकुर ने कहा कि विपक्षी दलों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ कोरोना महामारी को भी राजनीतिक अवसर बनाने से भी गुरेज नहीं किया। हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in