वर्षों पुराने मिथ्य को तोड़कर 2022 में भाजपा दूसरी बार बनाएगी सरकार: जयराम ठाकुर

bjp-will-form-government-for-second-time-in-2022-by-breaking-years-old-myth-jairam-thakur
bjp-will-form-government-for-second-time-in-2022-by-breaking-years-old-myth-jairam-thakur

धर्मशाला, 19 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने धर्मशाला में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लिए यह टीस रही है कि प्रदेश में दूसरी बार लगातार सरकार नही बना पाई है। उन्होंने दावा किया कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा इस मिथ्य को जरूर तोड़ेगी और दूसरी बार सत्ता में आएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा फिर से सत्ता में आए इसके लिए आज से ही जुट जाएं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोकसभा, विधानसभा उप-चुनाव और पंचायती राज संस्थानों एवं स्थानीय शहरी निकायों के चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण संभव हो पाई है, उसी तरह 2022 में मिशन रिपीट के लिए कार्यकर्ताओं को एक बार फिर कड़ी मेहनत करनी होगी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि राज्य में विपक्ष दिशाहीन, नेताविहीन और मुद्दाहीन राजनीतिक दल है। कांग्रेस नेता राजनीतिक रूप से जीवित रहने के लिए राज्य सरकार के खिलाफ मुद्दा खोजने की कोशिश कर रहे हैं। यहां तक कि प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने अपनी पार्टी को भी नहीं छोड़ा और उच्च कमान के समक्ष 12 करोड़ रुपये का बिल भेजा जिसमें दावा किया गया कि इस राशि को पार्टी ने कोरोना महामारी के दौरान जरूरतमंदों की मदद करने के लिए खर्च किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल मॉडल की आज प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष द्वारा भी सराहना की जा रही है। पन्ना प्रमुख सम्मेलन, त्रिदेव सम्मेलन जैसी पहल कई राज्यों में अन्य भाजपा संगठनों द्वारा की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण और हर क्षेत्र के विकास के लिए लगभग पचास नई योजनाएं शुरू की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने विश्व अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने के साथ-साथ भाजपा के संगठनात्मक कार्यों को भी प्रभावित किया। अब जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए अधिक समर्पण के साथ काम करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहली बार है कि राज्य सरकार ने राज्य का बेहतर विकास सुनिश्चित करने के लिए तीन नए नगर निगम और 389 पंचायतें बनाईं हैं। कांग्रेस सरकार ने धर्मशाला में केवल एक नगर निगम बनाया, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार ने पालमपुर, सोलन और मंडी में नगर निगम बनाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि महामारी के दौरान भी राज्य में विकास की गति निर्बाध रूप से चलती रहे। टीकाकरण के पहले चरण में राज्य 93,000 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करने वाला है। उन्होंने महामारी के दौरान केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को संतुलित बजट करार देकर इसकी सराहना की। उन्होंने ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट मंडी के लिए 1000 करोड़ रुपये और कांगड़ा जिले में गग्गल हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 400 करोड़ रुपये की सिफारिश करने के लिए वित्त आयोग का भी धन्यवाद किया। जय राम ठाकुर ने पार्टी पदाधिकारियों से केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों और कार्यक्रमों के प्रसार के लिए सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सबसे पहले ई-बजट और ई-कैबिनेट की शुरूआत की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्य के स्वर्ण जयंती वर्ष समारोह को एक शानदार सफलता बनाने के लिए अपना पूरा समर्थन देने का आग्रह किया। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in