bjp-exerting-pressure-on-newly-elected-councilors-of-municipal-corporation-kuldeep-rathore
bjp-exerting-pressure-on-newly-elected-councilors-of-municipal-corporation-kuldeep-rathore

नगर निगम के नव निर्वाचित पार्षदों पर दवाब बना रही भाजपा : कुलदीप राठौर

शिमला, 09 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा पर नगर निगमों के नव निर्वाचित पार्षदों पर दवाब बनाने का आरोप लगाते हुए पार्षदों के किसी भी जोड़तोड़ के किसी भी प्रयास के प्रति आगाह करते हुए कहा है कि कांग्रेस इसे सहन नही करेगी। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा इन चार नगर निगमों में चुन कर आये पार्षदों पर दवाब बना कर उन्हें अपने पक्ष में करने के लिए जोड़तोड़ में लगी है। राठौर ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा का लोकतंत्र में कोई भी विश्वास नही है। लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन करना,जनमत की चोरी करना भाजपा की आदत है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं, नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने अपने पक्ष में जिस प्रकार जनमत को चुराया था,उसे देख कर ही कांग्रेस ने नगर निगमों के चुनाव पार्टी चिन्ह पर करवाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में दूध का दूध और पानी का पानी सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इन चुनावों से पहले अपनी पार्टी की लोकप्रियता की बड़ी बड़ी डींगें हांकते नही थकते थे जो अब सारी हकीकत चुनाव परिणाम के बाद सबके सामने आ गई है। राठौर ने मुख्यमंत्री सहित भाजपा नेताओं को आगाह किया है कि वह लोगों को भ्रमित करने की कोशिश न करें और न ही जमानत का अपमान। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री को प्रदेश में अब अपनी हार खुले मन से स्वीकार कर लेनी चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in