basant-panchami39s-dhoom-in-kullu-lord-raghunath-ji39s-procession-taken-out
basant-panchami39s-dhoom-in-kullu-lord-raghunath-ji39s-procession-taken-out

कुल्लू में बसन्त पंचमी की धूम, भगवान रघुनाथ जी की शोभायात्रा निकाली

कुल्लू, 16 फरवरी (हि.स.)। कुल्लू में बसंत पंचमी का उत्सव मंगलवार को बड़ी धूमधाम से मनाया गया। बसंत पंचमी उत्सव को छोटा दशहरा के नाम से भी जाना जाता है। हजारों श्रद्धालु बसंत पंचमी उत्सव में भगवान रघुनाथ जी की शोभायात्रा में शामिल हुए। सुबह रघुनाथ मंदिर में भगवान रघुनाथ जी की पूजा अर्चना की गई। इस दौरान भंडारे का भी आयोजन किया गया। रघुनाथ मंदिर के पुजारियों द्वारा भगवान रघुनाथ जी व माता सीता सहित अन्य मूर्तियों की साज सज्जा की गई व उन्हें सजाया गया। उसके पश्चात सैकड़ों राम भक्त भगवान रघुनाथ जी की शोभा यात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा सुल्तानपुर से सरवरी लोअर ढालपुर होते हुए रथ मैदान में पहुंची जहां भगवान रघुनाथ जी को रथ में विराजमान किया गया। इस दौरान राम - भरत मिलन भी हुआ। मिलन के पश्चात रथ को हजारों श्रद्धालुओं द्वारा खींचकर रघुनाथ जी के अस्थाई शिविर तक पहुंचाया गया। जहां भगवान रघुनाथ जी को विराजमान करने के पश्चात भक्तों द्वारा भजन कीर्तन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में आए राम भक्तों ने भगवान रघुनाथ जी के दरबार पहुंचकर माथा टेक कर भगवान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। रघुनाथ जी के प्रथम सेवक महेश्वर सिंह द्वारा गुलाल फेंककर होली का शुभारंभ किया गया। बेरागियन समुदाय के लोगों द्वारा होली गाकर होली का शुभारंभ किया गया तथा एक दूसरे पर जमकर गुलाल फेंका गया। रघुनाथ मन्दिर के कारदार दानवेंद्र सिंह ने बताया कि रघुनाथ मंदिर में मनाए जाने वाले प्रमुख उत्सवों में दशहरा, फाग, वन विहार, जलविहार, अनकूट सहित बसंत पंचमी का उत्सव शामिल है परंपरा के अनुसार आज से भगवान रघुनाथ जी के दरबार में होली उत्सव का आरंभ हो गया है। बेरागियन समुदाय के लोग प्रतिदिन रघुनाथ जी के साथ होली खेला करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल/सुनील-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in